'नीले ड्रम में भरवा दूंगी'… इटावा में पत्नी की धमकियों से टूटा युवक, फंदे पर झूलकर दी जान
Himachali Khabar Hindi July 30, 2026 02:42 AM

Etawah News: उत्तर प्रदेश में इटावा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के आनंदनगर में मंगलवार देर रात 27 वर्षीय युवक ने घर के बरामदे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान विनय यादव पुत्र अनिल कुमार यादव के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

मृतक के परिजनों का आरोप है कि विनय लंबे समय से वैवाहिक विवाद और मानसिक तनाव से जूझ रहा था. पिता अनिल कुमार यादव का कहना है कि उनकी बहू रंजना यादव, निवासी जगतपुर थाना अयाना, जिला औरैया, अक्सर उनके इकलौते बेटे को मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी. उनका दावा है कि वह कई बार उसे “नीले ड्रम में भरवा दूंगी” जैसी धमकियां भी देती थी. परिवार का आरोप है कि इन कथित धमकियों और लगातार चल रहे वैवाहिक विवाद ने विनय को मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया था.

पतिपत्नी के बीच अक्सर होता था झगड़ा

पिता के अनुसार विनय और रंजना ने करीब दस वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था. दोनों के दो बच्चे हैं. परिवार का कहना है कि दिसंबर 2025 से रंजना अपने मायके में रह रही थी और उसके बाद से वह ससुराल वापस नहीं लौटी. इस दौरान पतिपत्नी के बीच विवाद लगातार बढ़ता गया और मामला न्यायालय तक पहुंच गया.

मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि करीब दो वर्ष पहले उनकी बहू एक युवक के साथ दिल्ली चली गई थी. बाद में दोनों बच्चों के भविष्य को देखते हुए परिवार ने समझौता कर उसे वापस घर बुला लिया था, लेकिन इसके बाद भी उसका दूसरे व्यक्ति से संपर्क बना रहा. उनका कहना है कि इस संबंध में न्यायालय में भी मामला विचाराधीन है.

पत्नी ने कराई थी पति की पिटाई

परिजनों का यह भी आरोप है कि लगभग एक माह पहले रंजना ने अपने कथित प्रेमी और उसके साथियों से विनय की औरैया में बेरहमी से पिटाई कराई थी. घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. इसके बाद परिवार उसे इटावा लेकर आया और इस मामले में भी न्यायालय का सहारा लिया गया. पिता का कहना है कि उस घटना के बाद से विनय और अधिक तनाव में रहने लगा था.

परिवार के अनुसार, घटना वाली रात भी विनय की अपनी पत्नी से फोन पर बातचीत हुई थी. बातचीत समाप्त होने के बाद वह काफी परेशान दिखाई दिया. देर रात उसने घर के बरामदे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. सुबह परिजनों ने उसका शव फंदे से लटका देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी.

परिजनों ने की कार्रवाई की मांग

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से निष्पक्ष जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, परिजनों के बयान तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आत्महत्या के कारणों की जांच की जाएगी. ये समाचार आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.