दिल्ली सरकार छात्राओं की शिक्षा को और अधिक सुलभ, सुरक्षित और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 31 जुलाई को ईस्ट विनोद नगर स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित भव्य कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी और कक्षा 9 की छात्राओं को ‘विद्या वाहिनी’ नाम से साइकिलों का वितरण करेंगी. इस मौके पर मुख्यमंत्री पहले चरण में 3,000 छात्राओं को साइकिलें वितरित करेंगी. इसके बाद अगले एक महीने के भीतर दिल्ली की कुल 1,40,000 छात्राओं को चरणबद्ध तरीके से साइकिलें दी जाएंगी.
दिल्ली सरकार की इस पहल का उद्देश्य छात्राओं के लिए स्कूल तक पहुंच को अधिक सुगम बनाना, उनकी नियमित उपस्थिति को बढ़ावा देना और उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि दिल्ली सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि राज्य की कोई भी बेटी केवल दूरी, संसाधनों की कमी या परिवहन संबंधी कठिनाइयों के कारण अपनी पढ़ाई से वंचित न रहे.
उन्होंने कहा कि ‘विद्या वाहिनी’ सिर्फ एक साइकिल नहीं बल्कि दिल्ली की बेटियों के सपनों, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की सवारी है. सरकार चाहती है कि दिल्ली की हर बेटी निर्भय होकर स्कूल पहुंचे, बेहतर शिक्षा प्राप्त करे और अपने जीवन के प्रत्येक लक्ष्य को हासिल करे.
मार्च में भी हुआ साइकिल वितरण का कार्यक्रमइससे पहले मार्च में भी सीएम ने 9 स्कूलों की लगभग 1,000 छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं थीं और राजधानी में लड़कियों की बिना रुकावट शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए बीजेपी सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया था. पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था कि इस पहल का मकसद उन बाधाओं को दूर करना है जो अक्सर लड़कियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने से रोकती हैं, जिसमें घर से स्कूल की दूरी और परिवहन संबंधी कठिनाइयां शामिल हैं.
उन्होंने कहा था कि दिल्ली की हर बेटी बिना किसी बाधा के अपनी शिक्षा पूरी कर सकती है, स्कूल की पढ़ाई पूरी कर सकती है, ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल कर सकती है और जो चाहे वो बन सकती है. सरकार उसके रास्ते में आने वाली सभी बाधाओं को दूर करने के लिए काम करेगी.
ये भी पढ़ें: प्रदर्शनकारियों पर आगे नहीं होगी कार्रवाई…जंतर-मंतर प्रोटेस्ट पर दिल्ली की रेखा सरकार का बड़ा ऐलान