राजेश खन्ना संग दीं 8 सुपरहिट फिल्में, हिंदू से शादी कर मुमताज ने छोड़ दिया था बॉलीवुड
संदीप मेहरा August 01, 2026 12:12 AM

Mumtaz Birthday: मुमताज...एक ऐसी अदाकारा जो सालों से नहीं, बल्कि दशकों से बड़े पर्दे से दूर हैं, लेकिन आज भी उनकी फिल्मी गलियारों में खूब चर्चा होती है. बाल कलाकार के रूप में अपना करियर शुरू करने वाली मुमताज की गिनती 60 और 70 के दशक की बड़ी अदाकाराओं में होती है. उनका बतौर लीड एक्ट्रेस करियर छोटा लेकिन बेहद सफल रहा. 

दारा सिंह जैसे दिग्गज के साथ उन्होंने 16 फिल्मों में काम किया था. जबकि हिंदी सिनेमा के पहले सुपरस्टार कहे जाने वाले राजेश खन्ना के साथ उन्होंने एक के बाद एक लगातार आठ सुपरहिट फिल्में देकर बॉक्स ऑफिस हिला दिया था. मुमताज की न सिर्फ अदाकारी को बल्कि उनकी खूबसूरती और डांस को भी काफी पसंद किया गया. आज ये एक्ट्रेस 79 साल की हो चुकी हैं. बचपन से ही उनका फिल्मी घराने से ताल्लुक रहा है.

11 साल की उम्र में रखा सिनेमा में कदम

मुमताज का जन्म भारत की आजादी से कुछ दिनों पहले 31 जुलाई 1947 को मुंबई में हुआ था. मुमताज की मां और चाची दोनों फ़िल्मी दुनिया में बतौर जूनियर आर्टिस्ट काम करती थीं. ऐसे में मुमताज ने भी बतौर बाल कलाकार सिनेमा में अपनी शुरुआत कर दी थी. सबसे पहले वो 'सोने की चिड़िया' नाम की फिल्म में नजर आई थीं. ये फिल्म साल 1958 में रिलीज हुई थी. वहीं इसी साल आई फिल्म 'तलाक में भी उन्होंने काम किया था. 

ये भी पढ़ें: कैसे पंजाब का एक साधारण लड़का बन गया देश का 'सुपरहीरो'?

धर्मेंद्र और शशि कपूर ने किया था साथ काम करने से मना

लीड एक्ट्रेस के रूप में मुमताज ने कई फिल्मों में बतौर स्टंट हीरोइन काम किया था. यानी ये उनकी एक्शन फ़िल्में थीं. इन फिल्मों में उनकी जोड़ी दारा सिंह के साथ बनी थीं. दोनों की 16 में से आधी से ज्यादा फिल्में सफल रही थीं. हालांकि स्टंट हीरोइन का टैग मिलने के चलते शशि कपूर और धर्मेंद्र जैसे दिग्गज एक्टर्स ने उनके साथ काम करने से मना कर दिया था.

साल 1967 में आई फिल्म 'राम और श्याम' मुमताज के लिए करियर बदलने वाली साबित हुई. इस फिल्म में दिलीप कुमार ने डबल रोल निभाया था. इसके बाद मुमताज ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. विकिपिडिया के मुताबिक ये साल 1967 की दूसरी सबसे कमाऊ बॉलीवुड फिल्म बनी थी.

जब मुमताज स्टार बन गई थीं तब धर्मेंद्र ने भी उनके साथ काम किया था. एक्ट्रेस ने धर्मेंद्र, दारा सिंह, दिलीप कुमार, संजीव कुमार, फिरोज खान और शम्मी कपूर जैसे एक्टर्स संग भी स्क्रीन शेयर की थी. हालांकि उनकी जोड़ी सबसे ज्यादा राजेश खन्ना के साथ पसंद की गई थी.

राजेश खन्ना और मुमताज ने साथ में एक के बाद एक लगातार आठ सुपरहिट फिल्मों से हर किसी का दिल जीत लिया था. उनकी बैक टू बैक आठ सफल फिल्मों में दो रास्ते, सच्चा झूठा, रोटी, आप की कसम, अपना देश, दुश्मन, बंधन और प्रेम की कहानी शामिल हैं. दोनों 10 से ज्यादा फिल्मों में साथ नजर आए थे. 

ये भी पढ़ें: शादियों में गाने वाले सोनू निगम कैसे बने टॉप सिंगर? एक्टिंग से शुरू किया था सफर

मुमताज ने अपने करियर के शिखर पर शादी करके हर किसी को चौंका दिया था. मुस्लिम धर्म से ताल्लुक रखने वाली मुमताज ने साल 1974 में दूसरे धर्म में शादी की थी. उनकी शादी हिंदू बिजनेसमैन मयूर माधवानी से हुई थी. मुमताज के पति अमेरिका में पले-बढे हैं और युगांडा में भी रहे हैं.

बता दें कि मयूर से शादी करने के बाद मुमताज ने फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली थी और भारत भी छोड़ दिया था. वो अपने पति के साथ विदेश में सेटल हो गई थीं. दोनों की दो बेटियां हैं. एक का नाम नताशा और एक का नाम तान्या है.

मुमताज ने फिल्म 'आंधियां' से एक्टिंग में कमबैक किया था, हालांकि सल 1990 में आई ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही थी.

इसके बाद वो किसी फिल्म में नजर नहीं आईं. एक्ट्रेस अब अपने पति के साथ लंदन में रहती हैं. हालांकि वो समय-समय पर भारत आती रहती हैं. 2025 में इंस्टेंट बॉलीवुड से बात करते हुए मुमताज ने अपने कमबैक को लेकर कहा था कि जैसे ऑफर मुझे चाहिए वैसे ऑफर मुझे मिले नहीं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.