गुरुवार को सिनेमाघरों में काफी हलचल दिखी. दरअसल थिएटर में ‘स्पाइडर मैन ब्रैंड न्यू डे’ कल रिलीज हुई है. इस फिल्म को भारतीय दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है. वहीं इस हॉलीवुड फिल्म के आने से सिनेमाघरों में मौजूद ‘जन नायकन’ से ‘द ओडिसी’ और ‘धमाल 4’ तक सभी कमाई के लिए संघर्ष करती दिखी. चलिए यहां गुरुवार की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट जानते हैं.
‘स्पाइडर मैन ब्रैंड न्यू डे’ ने कितने करोड़ से की ओपनिंग?
'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' ने रिलीज होते ही भारतीय बाक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ा दिया है. इसकी धुआंधार एडवांस बुकिंग हुई थी और रिलीज के पहले दिन इसे देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. इसी के साथ टॉम हालैंड और जेंडया स्टारर फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस लूट लिया है और अब तक की सबसे बड़ी हॉलीवुड ओपनिंग का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है.
फिल्म के कलेक्शन की बात करें तो सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक ‘स्पाइडर मैन ब्रैंड न्यू डे’ ने रिलीज के पहले दिन 17 हजार 250 शो में 60.60 करोड़ की नेट कमाई की है. इससे भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 60.60 करोड़ हुआ है जबकि ग्रॉस कमाई 72.44 करोड़ हुई है.

‘जना नायकन’ ने दूसरे गुरुवार कितनी की कमाई?
तमिलनाडु के सीएम बनने के बाद थलपति विजय के एक्टिंग करियर की आखिरी फिल्म जना नायकन ने सिनेमाघरों में पहले हफ्ते पूरा कर लिया है. इस दौरान ये खास परफॉर्म नहीं कर पाई है. वहीं दूसरे गुरुवार को हॉलीवुड की सुपरहीरो फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' के आने से इसकी कमाई को तगड़ा झटका लगा और इसने अब तक का सबसे कम कलेक्शन किया है.
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक ‘जना नायकन’ ने रिलीज के 8वें दिन यानी दूसरे गुरुवार को 3.98 करोड़ का कलेक्शन किया है. इसी के साथ इस फिल्म की 8 दिनों की भारत में कुल नेट कमाई अब 153.48 करोड़ रुपये हो गई है.

‘द ओडिसी’ ने गुरुवार कितनी की कमाई?
किस्टोफर नोल की ‘द ओडिसी’ की भारतीय बॉक्स ऑफिस पर परफॉर्मेंस शानदार रही है. इस फिल्म ने रिलीज के पहले हफ्ते में 90.30 करोड़ कमाए थे. इसके बाद 8वें दिन इसका कलेक्शन 6.85 करोड़ रुपये रहा. वहीं 9वें दिन इसने 11.05 करोड़ कमाए. वहीं 10वें दिन इसने 11.45 करोड़, 11वें दिन का 3.85 करोड़, 12वें दिन 4.75 करोड़ और 13वें दिन 4.75 करोड़ का कलेक्शन किया था.
वहीं मॉर्वल्स की नई फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' के आने से ‘द ओडिसी’ की कमाई को भी बड़ा झटका लगा है. इस फिल्म ने रिलीज के 14वें दिन यानी दूसरे गुरुवार को सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक 2.75 करोड़ का कलेक्शन किया है. इसी के साथ इसकी भारत 14 दिनों की कुल नेट कमाई अब 135.25 करोड़ रुपये हो गई है.

‘धमाल 4’ ने तीसरे गुरुवार कितना कमाया?
अजय देवगन की ‘धमाल 4’ ने सिनेमाघरों में तीन हफ्ते पूरे कर लिए हैं. इस दौरान इस फिल्म ने शानदाक परफॉर्म किया है. हालांकि 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' के आने से ‘धमाल 4’ की कमाई की रफ्तार पर भी ब्रेक लग गया है और रिलीज के 21वें दिन यानी तीसरे गुरुवार को ये लाखों में सिमट गई. सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक ‘धमाल 4’ ने तीसरे गुरुवार को 85 लाख रुपये कमाए हैं. इसी के साथ इसके तीन हफ्तों यानी 21 दिनों का भारत में टोटल नेट कलेक्शन अब 155.85 करोड़ रुपये हुआ है.
