इंडोनेशिया में बड़ा हादसा: समुद्र के बीच नाव में लगी भीषण आग… 5 की मौत और 41 लोग लापता
TV9 Bharatvarsh August 02, 2026 08:43 PM

इंडोनेशिया में मदुरा द्वीप के पास समुद्र में एक फेरी (यात्री नाव) में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. इस घटना में फेरी में सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग अभी भी लापता हैं. बताया जा रहा है कि नाव में करीब 271 लोग सवार थे. फिलहाल लापता लोगों की तलाश में खोज व बचाव अभियान चलाया जा रहा है.

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ये यात्री नाव पूर्वी जावा प्रांत के सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासर शहर जा रही थी, तभी यात्रा शुरू होने के कुछ घंटों बाद उसमें आग लग गई. आग लगने के समय लगभग 271 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे. इसके बाद कई जहाजों की मदद से बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया. आग लगने के बाद, कई जहाजों की मदद से एक बड़ा बचाव अभियान चलाया गया, जिसके चलते 225 लोगों को बचाया जा सका.

यात्रियों को बचाने में जुटा प्रशासन

इंडोनेशिया के परिवहन मंत्रालय के मुताबिक, यात्रियों को बचाव करने वाले जहाजों पर ले जाया जा रहा है. स्थानीय समय के अनुसार सुबह 11:20 बजे तक, बचाव अभियान के दौरान लगभग 40 लोग फेरी पर ही थे. इंडोनेशिया के परिवहन मंत्रालय ने यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को सबसे जरूरी बताते हुए कहा कि वे लोगों को सुरक्षित रूप से बाहर निकालने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं.

पहले भी हो चुके ऐसे हादसे

ये घटना इंडोनेशिया में फेरी में लगी एक और जानलेवा आग के एक साल बाद हुई है. जुलाई 2025 में, नॉर्थ सुलावेसी प्रांत के तट पर एक पैसेंजर शिप में आग लगने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई थी और लगभग 150 लोगों को बचाया गया था. KM बार्सिलोना 5 नाम के इस जहाज में करीब 280 लोग सवार थे. पिछले साल 19 जुलाई को प्रांतीय राजधानी मनाडो के तट पर चलते समय इसमें आग लग गई थी.

यात्री नाव क्यों होते हैं हादसे का शिकार?

इंडोनेशिया, जो 17,000 से ज्यादा द्वीपों से बना देश है. इस देश में फेरी यानी यात्री नाव परिवहन का एक लोकप्रिय साधन है, लेकिन यहां दुर्घटनाएं आम हैं. अक्सर जहाजों पर क्षमता से ज्यादा यात्री या सामान लदा होता है और सुरक्षा के अपर्याप्त मानकों के कारण उनमें जीवन बचाने वाले जरूरी उपकरण भी नहीं होते हैं. इसी वजह से अक्सर यहां यात्री नाव हादसे का शिकार हो जाते हैं.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में फेरी के ऊपरी डेक से घना काला धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा है. क्योंकि आग पूरे जहाज में फैली है. लाइफ जैकेट पहने यात्री जहाज के एक तरफ जमा हुए दिख रहे हैं, और कुछ लोग तो पानी में कूदते हुए भी नजर आ रहे हैं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.