IND vs SL: BCCI ने कर लिया फैसला, ये गेंदबाज लेगा टीम इंडिया में जसप्रीत बुमराह की जगह
TV9 Bharatvarsh August 03, 2026 01:43 AM

श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट टीम में एक बदलाव होने जा रहा है. चोट के कारण स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बाहर हो गए हैं. इसके चलते टीम इंडिया को 2 टेस्ट मैच की इस सीरीज में उनके बिना ही उतरना पड़ेगा. ऐसी स्थिति में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को मजबूरी में बदलाव करना पड़ रहा है. जानकारी के मुताबिक, इस बदलाव के तहत बुमराह की जगह तेज गेंदबाज आकिब नबी को श्रीलंका भेजा जाएगा. एक रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI ने इसको लेकर फैसला कर लिया है और जल्द ही इसका ऐलान भी हो जाएगा.

पहली बार हुआ नबी का सेलेक्शन

न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट में ये आकिब नबी के सेलेक्शन का दावा किया गया है. इस रिपोर्ट में BCCI के सूत्र के हवाले से बताया गया है कि जसप्रीत बुमराह 15 अगस्त से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं और आकिब नबी को उनके रिप्लेसमेंट प्लेयर के रूप में मंजूरी मिल गई है. आकिब नबी को पहली बार टीम इंडिया से बुलावा आ रहा है. इससे पहले जून में उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में स्टैंडबाय पर रखा गया था लेकिन वो मुख्य स्क्वॉड का हिस्सा नहीं बने थे.

रणजी ट्रॉफी में सफलता का मिला इनाम

जम्मू-कश्मीर (J&K) से आने वाले दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकिब नबी को टीम इंडिया में चुने जाने की मांग लगातार हो रही है. अफगानिस्तान टेस्ट के लिए नहीं चुने जाने पर सवाल उठे थे. फिर श्रीलंका दौरे के लिए भी जब टीम का सेलेक्शन हुआ तो नबी को फिर मौका नहीं मिला, जिससे सेलेक्शन कमेटी को आलोचना का सामना करना पड़ा था. इसकी वजह आकिब नबी का लगातार 2 रणजी सीजन में शानदार प्रदर्शन था.

29 साल के आकिब नबी ने 2024-25 और 2025-26 सीजन में कुल मिलाकर 18 रणजी ट्रॉफी मैच खेले और कुल 104 विकेट लिए. इस दौरान कोई भी उनके बराबर विकेट नहीं ले सका. यहां तक कि गुजरे सीजन में तो उन्होंने सबसे ज्यादा 60 विकेट लिए थे और J&K को पहली बार रणजी चैंपियन बनाया था. अपनी गेंदबाजी के साथ ही वो बल्लेबाजी से भी टीम के लिए योगदान देते रहे हैं, जो टीम इंडिया के लिए भी अहम हो सकता है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.