जम्मू-कश्मीर ओपन के पहले दौर पर खलिन जोशी का जलवा, इतने स्कोर के साथ टॉप पर
मोहम्मद वाहिद August 05, 2026 04:12 AM

खलिन जोशी ने आठ-अंडर 63 का शानदार स्कोर बनाकर श्रीनगर के खूबसूरत रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स में खेले जा रहे एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले जेएंडके ओपन 2026 के पहले दौर में बढ़त हासिल की. बेंगलुरु के 33 वर्षीय खलिन ने सधी हुई गोल्फ खेलते हुए नौ बर्डी लगाईं और सिर्फ 17वें होल पर बोगी की. उन्होंने दो शॉट की बढ़त के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया.

चंडीगढ़ के अजीतेश संधू और गुरुग्राम के रूकी हरमन सचदेवा छह-अंडर 65 के समान स्कोर के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर रहे. पूर्व एशियन टूर विजेता और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर कई खिताब जीत चुके खलिन ने सत्र के दूसरे चरण की शानदार शुरुआत की. उन्होंने इससे पहले अप्रैल में विशाखापत्तनम में आंध्र ओपन का खिताब जीता था. 

 मैं आज के अपने प्रदर्शन से बेहद खुश हूं- खलिन जोशी 

खलिन के दौर का मुख्य आकर्षण उनके दो चिप-इन रहे. उन्होंने पार-3 तीसरे होल पर ग्रीन के बाईं ओर से गेंद सीधे होल में डाली और इसके बाद 15वें होल पर ग्रीन के सामने से एक और शानदार चिप-इन किया. खलिन ने कहा, “मैंने आज काफी अच्छी पटिंग की और दो चिप-इन भी किए. यह मेरे लिए खास था क्योंकि मैंने लंबे समय से कोई चिप-इन नहीं किया था. मैं आज के अपने प्रदर्शन से बेहद खुश हूं.”

खलिन की रॉयल स्प्रिंग्स से अच्छी यादें जुड़ी हैं. वह इससे पहले 2014 और 2021 में भी इस कोर्स पर अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं. उन्होंने कहा कि यहां के शांत माहौल ने उन्हें पहले दौर के दौरान दबाव से दूर रहते हुए सहज होकर खेलने में मदद की. उन्होंने कहा, “हम सभी के लिए श्रीनगर आना छुट्टी जैसा होता है और यहां गोल्फ खेलना बोनस की तरह है. यह कोर्स बेहद खूबसूरत है और मुझे नहीं लगता कि कोई तस्वीर इस जगह की खूबसूरती के साथ न्याय कर सकती है. यहां आकर
ऐसा लगता है जैसे हम स्वर्ग में हैं. मैं इन खूबसूरत नजारों का आनंद लेते हुए अगले तीन दौर में भी अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद कर रहा हूं.”

खलिन के साथ खेल रहे अजीतेश ने आठ बर्डी लगाईं, लेकिन दो बोगी भी कीं. 37 वर्षीय अजीतेश की शुरुआत थोड़ी खराब रही, लेकिन मुश्किल चौथे होल पर शानदार एप्रोच शॉट से गेंद को होल से चार फुट की दूरी पर पहुंचाने के बाद बनाई बर्डी ने उन्हें लय हासिल करने में मदद की.

यह भी पढ़ें- 

श्रीलंका फतह का 'गंभीर' प्लान, 4 स्पिनर्स की अचानक टीम इंडिया में एंट्री

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.