इस साल कब होगा भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच? क्या विराट-रोहित दिखेंगे एक्शन में?
मोहम्मद अलफैज August 06, 2026 11:12 AM

India vs Pakistan 2026: भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले क्रिकेट मैच को काफी पसंद किया जाता है. दोनों टीमें एक दूसरे के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलती हैं. दोनों की भिड़ंत किसी न किसी टूर्नामेंट में ही होती है. ऐसे में दोनों के बीच मुकाबले का उत्साह और बढ़ जाता है. इस साल यानी 2026 में दोनों के बीच टी20 वर्ल्ड कप में मुकाबला देखने को मिल चुका है. अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या साल के बाकी बचे टाइम में भी भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होगा? तो इसका जवाब 'हां' हो सकता है. 

अब तक के शेड्यूल के मुताबिक, भारत और पाकिस्तान के बीच 2026 एशियाई खेलों में मुकाबला देखने को मिल सकता है. लेकिन गौर करने वाली बात यह है कि मुकाबले में भारत के लिए विराट कोहली और रोहित शर्मा एक्शन में नहीं दिखेंगे. ऐसा इसलिए क्योंकि एशियाई खेलों में क्रिकेट मैच टी20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे. रोहित शर्मा और विराट कोहली ने 2024 में ही टी20 इंटरनेशनल फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था. 

एशियन गेम्स के लिए महिला और पुरुष क्रिकेट टीमों का शेड्यूल जारी हो चुका है. पुरुष वर्ग में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश ने रैंकिंग के आधार पर सीधे नॉकआउट में जगह बनाई. बाकी की टीमें क्वालीफायर के जरिए जगह बनाएंगी. 

भारत और पाकिस्तान के बीच कैसे होगा मैच?

पुरुष वर्ग में 10 टीमें हिस्सा लेंगी, जबकि महिला वर्ग में 08 टीमें खेलती हुई नजर आएंगी. भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश की टीमें डायरेक्ट क्वार्टरफाइनल में पहुंचेंगी. क्वार्टरफाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच नहीं हो सकता है, क्योंकि भारत और बांग्लादेश एक हाफ में व पाकिस्तान और श्रीलंका दूसरे हाफ में हैं. 

दोनों टीमें क्वार्टर फाइनल और अपने-अपने सेमीफाइनल जीतने के बाद ही एक दूसरे से भिड़ सकती हैं. सीधे-सीधे कहा जाए, तो गोल्ड मेडल मैच यानी फाइनल मुकाबले में ही भारत और पाकिस्तान के बीच जंग देखने को मिल सकती है. बता दें कि इवेंट में महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 17 से 22 सितंबर तक और पुरुष प्रतियोगिता 24 सितंबर से शुरू होगी और 1 अक्टूबर तक होगी. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या फैंस को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला देखने को मिलता है या नहीं. 

 

2027 वनडे वर्ल्ड कप पर आया बड़ा अपडेट, ICC ने किया शेड्यूल का एलान; नोट कर लीजिए डेट्स

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.