2027 वनडे वर्ल्ड कप पर आया बड़ा अपडेट, ICC ने किया शेड्यूल का एलान; नोट कर लीजिए डेट्स
मोहम्मद अलफैज August 06, 2026 11:12 AM

World Cup 2027 Qualifier Schedule: अगले साल खेला जाने वाले 2027 वनडे वर्ल्ड कप के शेड्यूल को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया. अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल ने टूर्नामेंट के क्वालिफायर की तारीखों का एलान कर दिया है. 10 टीमों के बीच खेला जाने वाला क्वालिफायर 2027 में 22 फरवरी से 23 मार्च के बीच खेला जाएगा. 

तारीखों का तो एलान हो गया है, लेकिन अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि क्वालिफायर मैच कहां खेले जाएंगे, यानी वेन्यू को लेकर कोई एलान नहीं हुआ है. बता दें कि आगामी विश्व कप नए फॉर्मेट में खेला जाएगा, जिसमें 14 टीमें हिस्सा लेंगी. क्वालीफायर में जीतने वाली टीम डायरेक्ट 14 टीमों के ग्रुप में जगह हासिल करेंगी.

क्वालीफायर में दूसरे, तीसरे और चौथे पायदान पर रहने वाली टीमों के बीच 'सुपर सीरीज' खेली जाएगी, जो विश्व कप का पहला राउंड होगा. इस राउंड में जीतने वाली टीम टॉप-12 में जगह पक्की करेगी. 

तीन देशों की मेजबानी में होगा वर्ल्ड कप 

इस बार का विश्व कप तीन देशों की मेजबानी में खेला जाएगा, जिसमें दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया शामिल है. टूर्नामेंट के सभी मुकाबले 12 अलग-अलग स्टेडियम पर होंगे. इसमें सबसे ज्यादा 8 वेन्यू दक्षिण अफ्रीका के होंगे. बाकी 3 वेन्यू जिम्बाब्वे और 1 नामीबिया का होगा. विश्व कप 04 अक्टूबर से 21 नवंबर के बीच होगा. 

10 टीमों के बीच होगा क्वालीफायर

क्वालिफायर में 10 टीमें शामिल होंगी, जिसमें 30 सितंबर 2026 तक ODI रैंकिंग में सबसे नीचे की दो 'फुल मेंबर' टीमें मेजबान दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को छोड़कर, CWC लीग 2 की टॉप चार टीमें और वर्ल्ड कप क्वालिफायर प्लेऑफ की टॉप चार टीमें हिस्सा लेंगी.

वेस्टइंडीज पर मंडरा रहा खतरा

पिछले यानी 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में भी वेस्टइंडीज क्वालीफायर से बाहर हुई थी. अब एक बार फिर वेस्टइंडीज पर क्वालीफायर खेलने का खतरा मंडराता नजर आ रहा है. टीम अभी वनडे रैंकिंग में 10वें पायदान पर है. 30 सितंबर की कट ऑफ डेट से पहले कैरेबियाई टीम को सिर्फ 2 वनडे खेलने हैं, जो भारत के खिलाफ होंगे. इसके अलावा अफगानिस्तान और आयरलैंड के बीच होने वाली वनडे सीरीज भी वेस्टइंडीज पर असर डालेगी. अगर आयरलैंड कम से कम 4-1 से या फिर 5-0 से जीतता और वेस्टइंडीज भी भारत के खिलाफ दोनों वनडे जीत ले, तो उनके टॉप-8 में पहुंचने की उम्मीद होगी.

 

गले में ID कार्ड, पैंट-शर्ट पहने सरकारी नौकरी पर गए ईशान किशन, जानें कितनी है सैलरी

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.