'टूटे घर और बिखरे परिवार...', नेपाल में बाढ़ की तबाही देख इमोशनल हुए सोनू सूद
दीक्षा शर्मा September 03, 2026 05:42 AM

नेपाल में आई भीषण बाढ़ के कारण लाखों लोग प्रभावित हुए हैं. आपदा की इस घड़ी में बॉलीवुड सुपरस्टार सोनू सूद ने मदद का हाथ बढ़ाया है. वो अपनी टीम के साथ भारत से राहत सामग्री लेकर काठमांडू पहुंच गए हैं. सोनू सूद नेपाल में बाढ़ प्रभावित और जरूरतमंद लोगों के बीच राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं. नेपाल पहुंचने के बाद सोनू सूद ने बाढ़ पीड़ितों से भी मुलाकात की. 

हम बहुत सारे कंबल और खाने-पीने का सामान लाए हैं...
ANI से बातचीत में सोनू सूद ने कहा, 'हम यहां बाढ़ पीड़ितों से मिलने और उन्हें राहत सामग्री बांटने आए हैं. हम उनकी ज़िंदगी को फिर से बसाने की कोशिश करेंगे. हम बहुत सारे कंबल और खाने-पीने का सामान लाए हैं. हम कोशिश करेंगे कि आने वाले महीनों में भी नेपाल को राहत मिलती रहे.'

सोनू सूद बोले- ये बहुत भयानक है
उन्होंने आगे कहा, 'तबाही का मंजर आपकी आंखों के सामने है. ये बहुत भयानक है. आप वो हरा घर देख सकते हैं, जो चमत्कारिक तरीके से इन बाढ़ों के बीच भी बच गया, लेकिन गांव का बाकी हिस्सा पूरी तरह बर्बाद हो चुका है और वहां तक पहुंचने का कोई रास्ता नहीं है. उन परिवारों के बारे में सोचकर मेरा दिल टूट जाता है, जो यहां फंसे हुए हैं और जिनके घर और परिवार उजड़ गए हैं. लोग अभी भी मलबे के नीचे दबे हुए हैं. मुझे उम्मीद है कि हम सब मिलकर उनकी कुछ मदद कर पाएंगे, ताकि नेपाल फिर से अपने पैरों पर खड़ा हो सके. हम अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे हैं और ये सुनिश्चित करेंगे कि हम सबसे मुश्किल जगहों तक पहुंचें और जितनी हो सके, उतनी मदद करें.'

 
 
 
 
 
View this post on Instagram
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Sonu Sood (@sonu_sood)

:- 'महिलाओं के कम कपड़े पहनने में क्या दिक्कत है?', कृति सेनन के ऐड विवाद पर रघु राम ने तोड़ी चुप्पी

सोनू सूद ने किया त्रिशूली नदी का दौरा
सोनू सूद ने हाल ही में सोशल मीडिया पर नेपाल से अपनी दो तस्वीरें शेयर की हैं. इन तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा, 'आज मैं त्रिशूली नदी के किनारे खड़ा हूं, जहां बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. टूटे हुए घर, बिखरे हुए परिवार और हमेशा के लिए बदल गई जिंदगियां. नेपाल अकेला नहीं है. मैं वहां के लोगों के साथ खड़ा हूं और उम्मीद जगाने, घरों को फिर से बनाने और परिवारों को नई शुरुआत करने में मदद करने के लिए हर संभव कोशिश करूंगा.'

सोनू सूद ने शेयर की तस्वीरें
सोनू सूद ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें वो बाढ़ पीड़ितों के साथ नजर आ रहे हैं. इन तस्वीरों के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'उन्होंने अपना घर, परिवार और बचपन खो दिया है. लेकिन हम सब मिलकर उनकी जिंदगी को फिर से पटरी पर लाने और उन्हें एक नई शुरुआत देने की कोशिश करेंगे. नेपाल, तुम अकेले नहीं हो.' बता दें कि इससे पहले भी सोनू सूद मुश्किल वक्त में लोगों की मदद के लिए आगे आते रहे हैं और अपने समाजसेवा के कामों के लिए पहचाने जाते हैं.

:- Bigg Boss 20 में होगी मनोज तिवारी की बेटी की एंट्री, सलमान के शो में रीति तिवारी का नाम कंफर्म

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.