नीट यूजी काउंसलिंग 2026 के दूसरे राउंड में मेडिकल कॉलेज में एडमिशन का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए सीटों की तस्वीर अब साफ हो गई है. मेडिकल काउंसलिंग कमेटी ने राउंड 2 सीट का मैट्रिक्स जारी कर दिया है. इसमें एमबीबीएस, बीडीएस और बीएससी नर्सिंग की 15 प्रतिशत ऑल इंडिया कोटा सीटों की जानकारी दी गई है. सीट मैट्रिक्स में कुल 659 नई सीटें जोड़ी गई हैं, जबकि 11302 सीटें क्लियर वैकेंसी के तौर पर उपलब्ध हैं. इसके अलावा 12,283 सीटें वर्चुअल वैकेंसी में रखी गई है.
राउंड 2 में जोड़ी गई 659 नई सीटें
एमसीसी की ओर से जारी सीट मैट्रिक्स में एमबीबीएस, बीडीएस और बीएससी नर्सिंग की कुल 659 नई सीटें शामिल की गई है. यह सीटें अलग-अलग मेडिकल और डेंटल कॉलेज के साथ नर्सिंग संस्थानों में जोड़ी गई है. उम्मीदवारों को सीट मैट्रिक्स में यह देखना होगा कि उनके पसंदीदा कॉलेज और कोर्स में कितनी सीटें उपलब्ध हैं. नई सीटों के अलावा बड़ी संख्या में ऐसी सीटें भी है, जो पहले राउंड के बाद खाली रह गई थी. इन सीटों को क्लियर वैकेंसी में शामिल किया गया है.
11,302 सीटें क्लियर वैकेंसी में
राउंड 2 के सीट मैट्रिक्स के अनुसार 11,302 सीटें क्लियर वैकेंसी के तौर पर उपलब्ध है. क्लियर वैकेंसी का मतलब ऐसी सीटों से है, जो पहले राउंड के बाद पूरी तरह खाली रह गई. यानी इन सीटों पर राउंड 1 में किसी उम्मीदवार का एडमिशन नहीं हुआ. इन खाली सीटों में देश के कुछ प्रमुख मेडिकल संस्थानों की सीटें भी शामिल है. इनमें एम्स पटना, एम्स रायपुर और एम्स गुवाहाटी जैसी संस्थाओं की सीटें बताई गई है.
12,283 सीटें वर्चुअल वैकेंसी में
एमसीसी ने 12,283 सीटों को वर्चुअल वैकेंसी के तौर पर दिखाया है. यह ऐसी सीटें हैं, जो फिलहाल राउंड 1 में किसी उम्मीदवार को आवंटित है, लेकिन उस उम्मीदवार ने अपग्रेड के लिए फ्लोट ऑप्शन चुना है. अगर वह उम्मीदवार राउंड 2 में अपनी पसंद की किसी दूसरी सीट पर चला जाता है, तो उसकी मौजूदा सीट खाली हो सकती है. ऐसी स्थिति में वह सीट अगले उम्मीदवार के लिए उपलब्ध हो सकती है. इसलिए राउंड 2 में चॉइस फिलिंग करते समय वर्चुअल वैकेंसी वाली सीटों को भी उम्मीदवारों को ध्यान में रखना होगा.
इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में एडमिशन, BCA-BSC मैथ्स का नया कट ऑफ जारी
अलग-अलग कैटेगरी में जारी हुआ सीट मैट्रिक्स
एमसीसी ने राउंड 2 के लिए सीट मैट्रिक्स को अलग-अलग कैटेगरी में जारी किया है. इसमें नई जोड़ी गई सीटों के साथ क्लियर और वर्चुअल वैकेंसी की जानकारी दी गई है. एमबीबीएस, बीडीएस और बीएससी नर्सिंग में उपलब्ध सीटों को उम्मीदवारों कैटेगरी के अनुसार देख सकते हैं. सीट मैट्रिक्स में यह जानकारी खास तौर पर उपयोगी है कि किस कॉलेज और किस कोर्स में कितनी सीटें उपलब्ध है.
कल से शुरू हुआ रजिस्ट्रेशन
नीट यूजी काउंसलिंग 2026 के राउंड 2 के लिए रजिस्ट्रेशन 3 सितंबर 2026 से शुरू हुआ. उम्मीदवार 8 सितंबर 2026 तक रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. रजिस्ट्रेशन के बाद उम्मीदवारों को अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स भरने होंगे. चॉइस फिलिंग की आखिरी तारीख 9 सितंबर 2026 है. इसके बाद 9 और 10 सितंबर को सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. 11 सितंबर को राउंड 2 सीट एलॉटमेंट रिजल्ट जारी किया जाएगा. राउंड 2 में सीट मिलने वाले उम्मीदवारों को 12 से 18 सितंबर 2026 के बीच कॉलेज में जाकर एडमिशन लेना होगा. इसके बाद 19 सितंबर को एमसीसी और संबंधित राज्य अथॉरिटी की ओर से शामिल हुए उम्मीदवारों के डेटा का वेरिफिकेशन किया जाएगा.
CBT मोड में होगी NEET-UG 2027 परीक्षा? नए टेस्टिंग सेंटर की तैयारी तेज