नई कार पर Ribbon लगाकर चलाना पड़ेगा भारी, पहले जान लें नियम
हिमांशु सिंह September 06, 2026 08:42 PM

जब भी शोरूम से नई कार खरीदकर अपने घर ले जाता है तो उसकी खुशी ही अलग होती है. क्योंकि, कई सालों से वह उस नई कार को खरीदने का सोच रहा होता है और पैसे जोड़ता रहता है. जबकि कार शोरूम वाले भी आपके इस खास मौके को और भी शानदार कर देते हैं जब कार को सजाकर आपको चाभी देते हैं. अक्सर देखा जाता है कि, जब भी कोई नई कार खरीदता है तो उसकी गाड़ी में रिबन जरूर लगा होता है और लोग उसे शोरूम के बाद भी कई दिनों तक नहीं निकालते हैं और ऐसी ही रोड पर चलते रहते हैं.

लेकिन आपको बता दें कि, आपकी नई कार पर बोनट या कांच पर बड़ा सा रिबन लगाकर सड़क पर दौड़ना ट्रैफिक पुलिस की नज़र में एक अपराध है. अगर आप सजावट के साथ गाड़ी चलाते हुए पकड़े जाते है तो पुलिस तुरंत आपका भारी-भरकम चालान काट सकती है. मोटर वाहन अधिनियम के नियमों के मुताबिक, गाड़ी की कांच और ड्राइवर के देखने की जगह में किसी भी तरह की रुकावट होना सीधा चालान की वजह बनता है. चलिए जानतें कि नई गाड़ी पर रिबन बांधकर चलाने से कौन-कौन से नियम टूटते हैं.

ड्राइवर की विजिबिलिटी में आती है दिक्कत

आपको बता दें कि, गाड़ी के बोनट और कार के आगे के कांच पर लगा बड़ा सा रिबन ड्राइवर के सामने के नजारे को आंशिक रूप से ढक देता है. ट्रैफिक नियमों के अनुसार, गाड़ी चलाते समय ड्राइवर का सामने का व्यू बिल्कुल साफ होना चाहिए.

जबकि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अगर विंडस्क्रीन पर किसी भी कपड़े, रिबन या स्टीकर की वजह से ड्राइवर की देखने की क्षमता पर असर पड़ता है तो इसे डेंजरस ड्राइविंग या लापरवाही से गाड़ी चलाना माना जाता है. ऐसा करने पर ट्रैफिक पुलिस अधिकारी आपका 1,000 रुपये से लेकर 5,000 रुपये तक का चालान काट सकते हैं.

AI Generated Image

बढ़ जाता है हादसे का खतरा

वहीं, सजावट के लिए बांधा गया रिबन कोई कार का परमानेंट हिस्सा नहीं होता बल्कि उसे ढीले धागों या टेप से चिपकाया जाता है. जब गाड़ी सड़क पर तेज रफ्तार में चलती है तो हवा के दबाव से यह रिबन टूटकर उड़ सकता है.

अगर चलती गाड़ी में यह रिबन उड़कर आपकी खुद की विंडस्क्रीन पर चिपक जाए तो पल भर के लिए ड्राइवर को सामने दिखना बंद हो जाएगा जिससे गंभीर हादसा हो सकता है. इसके अलावा अगर यह रिबन पीछे आ रही किसी बाइक सवार के मुंह या हेलमेट पर जा गिरता है तो पीछे वाले वाहन का संतुलन बिगड़ सकता है और कोई हादसा हो सकता है.


AI Generated Image

कभी-कभी नंबर प्लेट भी ढक जाता है

अक्सर ऐसा भी देखने को मिलता है कि, नई कार लेते समय कई बार लोग रिबन और फूलों के गुलदस्ते इस तरह सजा लेते हैं कि आगे या पीछे लगी नंबर प्लेट पूरी तरह छिप जाती है. कुछ लोग टेंपरेरी रजिस्ट्रेशन वाले बोर्ड पर भी फूल टांग देते हैं.

लेकिन कानून के मुताबिक गाड़ी की नंबर प्लेट हर समय साफ-सुथरी और आसानी से पढ़ने योग्य होनी चाहिए. अगर सजावट की वजह से आपकी कार का नंबर या टेंपरेरी नंबर पुलिस को साफ दिखाई नहीं देता है तो इसे बिना नंबर प्लेट गाड़ी चलाना माना जाएगा. इस गलती पर सीधे 5,000 रुपये का चालान कट सकता है.

बिना वैध रजिस्ट्रेशन कार सड़क पर उतारना

आपको बता दें कि, रिबन लगाने की गलती के साथ-साथ कई लोग शोरूम से बिना प्रॉपर टेंपरेरी या परमानेंट रजिस्ट्रेशन नंबर के ही गाड़ी लेकर निकल जाते हैं. केवल रिबन बांध लेने से कार को सड़क पर चलाने की कानूनी अनुमति नहीं मिल जाती.

अगर आपके पास वैध आरसी या आरटीओ से जारी टेंपरेरी नंबर प्लेट नहीं है और आप कार चला रहे हैं तो पुलिस गाड़ी को सीज कर सकती है. इसलिए कार की डिलीवरी लेते ही सबसे पहले यह चेक करें कि गाड़ी के सारे कागजात पूरे हों और रास्ते में निकलने से पहले बोनट पर बंधे बड़े रिबन को खोलकर रख लें.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.