6 लाख की नई Baleno में कंपनी ने भर-भरकर दिए फीचर्स, जानें खासियत
क़मरजहां September 06, 2026 08:42 PM

मारुति सुजुकी ने अपनी पॉपुलर प्रीमियम हैचबैक Baleno का नया फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने इस बार कार में केवल बाहरी डिजाइन में बदलाव नहीं किए हैं, बल्कि सेफ्टी, टेक्नोलॉजी और इंजन में भी बड़े अपडेट किए हैं.

नई Baleno की सबसे बड़ी खासियत इसमें मिलने वाला Level-2 ADAS, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और नया 1.2-लीटर Z12E पेट्रोल इंजन है. इसकी शुरुआती इंट्रोडक्टरी एक्स-शोरूम कीमत 6.09 लाख रुपये रखी गई है. नई Baleno की बुकिंग 11,000 रुपये में शुरू हो चुकी है.

पहली बार जोड़े गए ये फीचर्स

  • मारुति सुजुकी इंडिया के SEO पार्थो बनर्जी ने कहा कि Baleno पिछले एक दशक से NEXA और प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट की एक अहम कार रही है. अब नई Baleno के जरिए कंपनी ग्राहकों की उम्मीदों को और बेहतर तरीके से पूरा करना चाहती है.
  • नई कार में सेगमेंट में पहली बार मिलने वाले Level-2 ADAS जैसे मॉडर्न फीचर्स जोड़े गए हैं. इसके साथ ही कार को नया और आकर्षक लुक देने के लिए कंपनी ने सिग्नेचर NEXWave ग्रिल को भी नए डिजाइन में पेश किया है. कंपनी के मुताबिक, नई Baleno का फोकस आज के युवा ग्राहकों पर है, जो अपनी पसंद और अलग पहचान को खुलकर दिखाना चाहते हैं.


कैसा है गाड़ी का डिजाइन?

  • नई Baleno के एक्सटीरियर में कंपनी ने कई बदलाव किए हैं. सबसे बड़ा बदलाव इसके फ्रंट में देखने को मिलता है. इसमें नया NEXWave ग्रिल दिया गया है, जो पहले की तुलना में ज्यादा चौड़ा है. इस ग्रिल में 3D पैटर्न और हॉरिजॉन्टल क्रोम स्लैट्स मिलते हैं, जिससे कार को ज्यादा प्रीमियम लुक मिलता है. इसके साथ ही फ्रंट बंपर को भी नया डिजाइन दिया गया है और नीचे ग्रिल को पहले से अलग स्टाइल में तैयार किया गया है.
  • कार के साइड प्रोफाइल में क्रोम फेंडर गार्निश जोड़ी गई है. इसके अलावा LED DRLs और शार्क-फिन एंटीना जैसे फीचर्स भी मिलते हैं. नई Baleno को कुल 7 कलर ऑप्शन में पेश किया गया है. इनमें नया Enigmatic Teal कलर भी शामिल है. कुल मिलाकर कंपनी ने कार के डिजाइन को ज्यादा आधुनिक और प्रीमियम बनाने की कोशिश की है.
  • नई Baleno का सबसे खास अपडेट इसका Level-2 ADAS सिस्टम है. कंपनी ने इसे NEXA Safety Shield के तहत पेश किया है. आसान भाषा में समझें तो ADAS कार को ड्राइविंग के दौरान कुछ स्थितियों में ड्राइवर की मदद करने वाली तकनीक है. इसके लिए कार में रडार और कैमरा सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है.
  • गाड़ी में ADAS के तहत ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन कीप असिस्ट, लेन डिपार्चर वार्निंग, लेन डिपार्चर प्रिवेंशन और अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं. इसके अलावा हाई बीम असिस्ट, व्हीकल स्वे वार्निंग और फॉरवर्ड कोलिजन वार्निंग भी दी गई है. यानी कंपनी ने इस बार Baleno को सिर्फ एक प्रीमियम हैचबैक के बजाय ज्यादा टेक्नोलॉजी और सेफ्टी वाली कार बनाने पर जोर दिया है.

सेफ्टी में भी कई अपडेट

  • ADAS के अलावा नई Baleno में रोजमर्रा की ड्राइविंग के लिए कई दूसरे सेफ्टी फीचर्स भी दिए गए हैं. इसमें 6 एयरबैग, ESP, ABS के साथ EBD, हिल होल्ड कंट्रोल और रिवर्स पार्किंग सेंसर शामिल हैं. कार में इमरजेंसी स्टॉप सिग्नल और 3-पॉइंट सीट बेल्ट के साथ सीट-बेल्ट रिमाइंडर भी दिया गया है.

  • इसके अलावा नई Baleno में TPMS यानी टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम भी जोड़ा गया है. यह फीचर टायर में हवा का दबाव कम होने पर ड्राइवर को जानकारी देने में मदद करता है.
  • नई Baleno के इंटीरियर में भी कंपनी ने कई बदलाव किए हैं. केबिन में डुअल-टोन थीम के साथ पियानो-ब्लैक इंसर्ट्स दिए गए हैं. इसका सबसे खास फीचर वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स हैं. इससे लंबे समय तक कार चलाने में ज्यादा आराम मिल सकता है. कंपनी इसे इस सेगमेंट का पहला ऐसा फीचर बता रही है.
  • कार में 9-इंच SmartPlay Pro+ HD इंफोटेनमेंट स्क्रीन दी गई है. इसमें वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto का सपोर्ट मिलता है. इसके अलावा 360-डिग्री कैमरा और Head-Up Display भी दिया गया है. 

ये फीचर्स भी बनाते हैं खास

  • नई Baleno में कंपनी ने Clarion का प्रीमियम साउंड सिस्टम भी दिया है. इसके अलावा स्मार्टफोन चार्ज करने के लिए Qi-सर्टिफाइड वायरलेस चार्जर मिलता है. इस वायरलेस चार्जर में एक्टिव कूलिंग की सुविधा भी दी गई है, जिससे चार्जिंग के दौरान फोन को ज्यादा गर्म होने से बचाने में मदद मिलती है.
  • कार में Suzuki Connect भी दिया गया है. इसके जरिए 40 से ज्यादा कनेक्टेड कार फीचर्स मिलते हैं. इनमें कार की सुरक्षा, वाहन की स्थिति, ट्रिप और ड्राइविंग से जुड़ी जानकारी और कुछ रिमोट ऑपरेशन जैसे फीचर्स शामिल हैं.
  • नई Baleno में कंपनी ने इंजन भी बदल दिया है. इसमें अब 1.2-लीटर Z12E पेट्रोल इंजन दिया गया है. यह 3-सिलेंडर इंजन है और इसमें Idle Start-Stop तथा Dual VVT तकनीक मिलती है.
  • नया इंजन 82.93 PS की पावर और 112.4 Nm का टॉर्क पैदा करता है. इसकी तुलना में पुराने इंजन की पावर 90 PS थी. हालांकि, नई Baleno की माइलेज में सुधार हुआ है. 5-स्पीड मैनुअल वर्जन की दावा की गई माइलेज 23.80 km/l है, जबकि 5-स्पीड AGS ऑटोमैटिक वर्जन 24.77 km/l तक की माइलेज देने का दावा करता है.

CNG मॉडल भी मिलेगा

  • नई Baleno का S-CNG वर्जन भी जारी रखा गया है. इसमें भी नया Z12E इंजन दिया गया है और इसे 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ पेश किया गया है. कंपनी के मुताबिक, इसका दावा किया गया माइलेज 33.61 km/kg है. कंपनी का कहना है कि यह पुराने मॉडल की तुलना में करीब 9.8 फीसदी बेहतर है.
  • नई Maruti Baleno facelift की शुरुआती इंट्रोडक्टरी कीमत 6.09 लाख रुपये एक्स-शोरूम रखी गई है. इसकी बुकिंग 11,000 रुपये में शुरू हो चुकी है. हालांकि, रिपोर्ट में कहा गया है कि वेरिएंट के हिसाब से कीमत और डिलीवरी की जानकारी आगे दी जाएगी.

 

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.