ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम में तीन धाकड़ प्लेयर्स के एंट्री, कौन हैं ये तीनों खिलाड़ी? साउथ अफ्रीका की बढ़ी टेंशन
Sanjeev Kumar September 07, 2026 07:23 PM

SA vs AUS: ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए अपनी टीम घोषित कर दी है। सबसे ज्यादा चर्चा मार्नस लाबुशेन की हो रही है, जिन्हें खराब फॉर्म के बावजूद टीम से बाहर नहीं किया गया।

उनके अलावा ऑस्ट्रेलिया ने तीन ऐसे खिलाड़ियों को भी मौका दिया है, जिन पर आने वाले समय में टीम काफी भरोसा कर सकती है।

लाबुशेन के लिए यह चयन किसी राहत से कम नहीं है। बांग्लादेश के खिलाफ हालिया टेस्ट सीरीज में वह तीन पारियों में सिर्फ 1, 31 और 4 रन बना सके। उनकी आखिरी टेस्ट सेंचुरी 2023 में आई थी। इसके बाद से लगातार उनकी जगह को लेकर सवाल उठते रहे हैं। यहां तक कि उन्हें ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम से भी बाहर कर दिया गया था।

तीन प्लेयर्स की टीम में एंट्री

जिन तीन प्लेयर्स की एंट्री हुई है, उनमें सबसे पहले नाम है कूपर कॉनॉली का है। 23 वर्षीय ऑलराउंडर को टेस्ट टीम में फिर से शामिल किया गया है। उनके पास अभी सिर्फ एक टेस्ट का अनुभव है लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन और बल्लेबाजी के साथ स्पिन गेंदबाजी करने की क्षमता उन्हें शानदार ऑप्शन बनाती है।

दूसरा नाम माइकल नेसर का है। अनुभवी तेज गेंदबाज ऑलराउंडर के रूप में उनकी मौजूदगी साउथ अफ्रीका की परिस्थितियों में ऑस्ट्रेलिया के लिए काफी काम की हो सकती है। नेसर चोट से वापसी कर रहे हैं और उनकी फिटनेस पर नजर रहेगी। अगर वह पूरी तरह फिट होते हैं तो टीम को अतिरिक्त गेंदबाजी ऑप्शन के साथ निचले क्रम में बल्लेबाजी में भी मदद मिल सकती है।

तीसरे खिलाड़ी मैथ्यू कुहनेमन हैं। बाएं हाथ के स्पिनर को टीम में शामिल करने का मतलब साफ है कि ऑस्ट्रेलिया सिर्फ नाथन लायन पर निर्भर नहीं रहना चाहता। कुहनेमन टीम में एक अलग तरह का स्पिन विकल्प देते हैं और परिस्थितियों के हिसाब से उन्हें मौका दिया जा सकता है।

कब होगी टेस्ट सीरीज की शुरुआत

ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत 9 अक्टूबर से डरबन में होगी। इसके बाद केबरहा और केपटाउन में मुकाबले खेले जाएंगे। 2018 के विवादित दौरे के बाद यह ऑस्ट्रेलिया का साउथ अफ्रीका में पहला टेस्ट दौरा होगा।

ऑस्ट्रेलिया की टीम

पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कूपर कॉनॉली, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, माइकल नेसर, मैथ्यू रेनशॉ, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, ब्यू वेबस्टर।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.