डब्ल्यूबीबीएल के 12वें सीजन में मेलबर्न रेनेगेड्स के लिए खेलेंगी हेली मैथ्यूज, एक साल का किया करार
Sanjeev Kumar September 07, 2026 07:23 PM

मेलबर्न, 7 सितंबर (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हेली मैथ्यूज आगामी विमेंस बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) में मेलबर्न रेनेगेड्स की ओर से खेलेंगी। क्लब ने सोमवार को बताया कि मैथ्यूज ने टीम के साथ एक साल का करार किया है।

हेली मैथ्यूज दुनिया की नंबर-1 महिला टी20 इंटरनेशनल ऑलराउंडर हैं। उन्होंने डब्ल्यूबीबीएल सीजन 10 में मेलबर्न रेनेगेड्स को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी और टीम की सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में से एक रही थीं। हालांकि, पिछले सीजन में वह रेनेगेड्स के लिए नहीं खेल सकीं। कंधे की सर्जरी के कारण उन्हें पूरे टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था।

28 वर्षीय हेली मैथ्यूज ने डब्ल्यूबीबीएल सीजन 10 में अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। मैथ्यूज ने 130.6 के स्ट्राइक रेट से 324 रन बनाए थे और साथ ही 14 विकेट भी चटकाए थे। बल्ले और गेंद दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन करने के कारण उन्हें डब्ल्यूबीबीएल सीजन 10 की 'टीम ऑफ द टूर्नामेंट' में भी जगह मिली थी।

उन्होंने उस सीजन का समापन एमसीजी मैदान में ब्रिस्बेन हीट के खिलाफ फाइनल में शानदार प्रदर्शन के साथ किया, जिसमें उन्होंने 69 रन बनाने के साथ 24 रन देकर 2 विकेट झटके थे। हेली मैथ्यूज ने हाल ही में वेस्टइंडीज को महिला टी20 विश्व कप में सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी।

अब मेलबर्न रेनेगेड्स से फिर जुड़ने पर हेली ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि इस टीम के साथ उनकी कई अच्छी यादें जुड़ी हुई हैं और वह एक बार फिर रेनेगेड्स की जर्सी पहनने को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने एक बयान में कहा, "रेनेगेड्स के साथ चैंपियनशिप जीतना एक बहुत ही खास अनुभव था और मैं फिर से इस ग्रुप का हिस्सा बनने के लिए बहुत उत्साहित हूं। पिछले सीजन में न खेल पाना निराशाजनक था, लेकिन अब मैं पूरी तरह फिट हूं और मेलबर्न वापस आकर एक बार फिर खिताब जीतने की कोशिश करने के लिए उत्साहित हूं।"

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.