60 लाख लोगों के खातों में CM शुभेंदु ने डाले 1500-1500 रुपए, जानें फैसला
संतोष सिंह September 07, 2026 07:42 PM

पश्चिम बंगाल की बीजेपी सरकार ने पेंशन को लेकर बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार (7 सितंबर) से बढ़ी हुई दर पर भत्ता वितरण की औपचारिक शुरुआत की. उन्होंने आज राज्य सचिवालय नबान्न भवन से हर लाभार्थी के लिए 1,500 रुपये की बढ़ी हुई वृद्धावस्था पेंशन जारी की. इसके तहत करीब 60 लाख लाभार्थियों के खातों में आज 1500 रुपये की राशि ट्रांसफर की. 

बता दें कि पहले ये भत्ता 1000 रुपये था, जिसे 500 रुपये बढ़ाकर अब 1500 कर दिया गया है. इस योजना का लाभ वृद्धावस्था पेंशन के साथ-साथ विधवा और दिव्यांग व्यक्तियों को भी मिलेगा. कुल लाभार्थियों में से करीब 20 लाख लोग केंद्र सरकार की राष्ट्रीय सामाजिक सहायता योजना के तहत सहायता प्राप्त करेंगे.

कमजोर वर्गों को आर्थिक राहत
40 लाख लाभार्थियों को राज्य सरकार अपने संसाधनों से पूरा भुगतान करेगी. इस पहल से राज्य के कमजोर वर्गों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है. बीजेपी सरकार का दावा है कि यह कदम न सिर्फ सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करेगा बल्कि गरीब और जरूरतमंद तबकों के जीवन स्तर को भी बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा.

एनएसएपी को भी बढ़ाया गया

इसके अलावा बंगाल की बीजेपी सरकार ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) के तहत मिलने वाली मासिक पेंशन को भी 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये कर दिया है. इसके तहत इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विकलांगता पेंशन योजना के लाभार्थियों को भी डीबीटी के जरिए भुगतान किया जाएगा.

वेस्ट बंगाल लोकतंत्र सेनानी ऑनर स्कीम

इससे पहले बंगाल की शुभेंदु सरकार ने राज्य में इमरजेंसी के दौरान डेमोक्रेसी की रक्षा के लिए प्रोटेस्ट करने वाले 325-330 लोगों को 10,000 रुपये महीने की पेंशन देने का फैसला किया था. जानकारी के मुताबिक यह पेंशन वेस्ट बंगाल लोकतंत्र सेनानी ऑनर स्कीम के तहत दिए जाने का फैसला किया गया.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.