देशभर में इन दिनों मौसम का मिजाज बड़ी तेजी से बदल रहा है. पहाड़ों की तरह मैदानी इलाकों में भी मौसम समझ से बाहर हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार (7 सितंबर) को दिल्ली, यूपी, बिहार, बंगाल के अलावा पहाड़ी इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया है. इसी बीच पूर्वी यूपी में सुबह से बारिश का दौर जारी है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है.
मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी दिल्ली में सोमवार को मौसम और परेशानी बढ़ा सकता है. कई इलाकों में मध्यम बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
यूपी में झमाझम बारिश
यूपी के कई इलाकों में सुबह से बारिश का दौर जारी है. खासकर पूर्वी यूपी के गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, महाराजगंज और श्रावस्ती के कई इलाकों में भारी बारिश देखने को मिली. हालांकि मंगलवार को पूरब से लेकर पश्चिमी जिलों में मौसम शुष्क रहने के पूर्वानुमान हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को यूपी के बरेली में सबसे अधिक 141.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बिजनौर में 134 मिमी और मुरादाबाद में 114 मिमी बारिश हुई. ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई, लेकिन पारा सामान्य से नीचे बना रहा.
बिहार में बाढ़
बिहार में बाढ़ की मार झेल रहे लोगों की बारिश ने चिंता और बढ़ा दी है. एक ओर गंगा समेत कई प्रमुख नदियां उफान पर हैं तो वहीं दूसरी ओर कई जिलों में बाढ़ का पानी जन जीवन को प्रभावित कर रहा है. पटना में गंगा अपने उच्चतम स्तर को पार कर चुकी है जबकि राज्य के कई हिस्सों में नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के ज्यादातर भागों में बादलों की आवाजाही बने होने के साथ कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं.
उत्तराखंड और हिमाचल का मौसम
उत्तराखंड में 7 सितंबर के अलावा 10-12 सितंबर के बीच भी कई इलाकों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है. भारी बारिश की स्थिति में पहाड़ी सड़कों पर लैंडस्लाइड और यातायात बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में भी 7 सितंबर को कई जगहों पर भारी से भारी बारिश होने का अनुमान है.
Xप्लेन: क्या 2029 तक नशामुक्त होगा भारत? 10.03% स्कूली बच्चों समेत कितने भारतीय फंसे