मणिपुर में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन के 3 सदस्य गिरफ्तार, हथियार बरामद
Webdunia Hindi September 20, 2024 07:42 PM

इंफाल। मणिपुर (Manipur) के इंफाल पश्चिम और इंफाल पूर्व जिलों में अलग-अलग अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया तथा हथियार और गोलाबारूद (arms and ammunition) बरामद किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

जबरन वसूली के आरोप में 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया : पुलिस के अनुसार इंफाल पश्चिम के गारी क्षेत्र में सेकमाई और थांगमेइबंद इलाकों में जबरन वसूली के आरोप में प्रतिबंधित संगठन 'कांग्लेई यावोल कान्बा लूप' (केवाईकेएल) के 3 सदस्यों को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि उनकी पहचान मेइबाम ब्रोनसन सिंह (24), युमनाम लानचेनबा (21) और सौबाम नोंगपोकनगांबा मेईती (52) के रूप में हुई है। उनके पास से एक पिस्तौल, एक मैगजीन और गोलाबारूद बरामद किया गया है।

ALSO READ: Manipur Violence: मणिपुर में स्थायी शांति को लेकर क्या बोले गृहमंत्री अमित शाह

एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि इंफाल पूर्व के बोंगजांग में एक अलग अभियान में सेना और मणिपुर पुलिस ने 28.5 किलोग्राम के 7 विस्फोटक उपकरण बरामद किए। बयान में कहा गया कि पिछले 3 महीनों में सुरक्षा बलों ने यह दूसरी बार भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया है। भारतीय सेना के बम निरोधक दस्ते ने 20 जुलाई को इंफाल पूर्व के साईचांग इथाम के पहाड़ी इलाकों में 33 किलोग्राम विस्फोटक बरामद किए थे और उन्हें निष्क्रिय किया था।(भाषा)

Edited by: Ravindra Gupta

© Copyright @2024 LIDEA. All Rights Reserved.