J&K में मल्लिकार्जुन खरगे को आए चक्कर, मंच पर दे रहे थे भाषण, चेकअप को बुलाए डॉक्टर
Webdunia Hindi September 30, 2024 03:42 AM

Mallikarjun Kharge's health deteriorated : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को रविवार को जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के जसरोटा बेल्ट में एक जनसभा को संबोधित करते समय चक्कर आ गया। उनके सहयोगियों ने उन्हें कुर्सी पर बैठाने में मदद की। अब उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। डॉक्टर सलाह देंगे कि वह दूसरी रैली में भाग ले सकते हैं या नहीं।

ALSO READ: मल्लिकार्जुन खरगे का दावा, मोदी-शाह की गिर रही है राजनीतिक साख

पार्टी नेताओं ने यह जानकारी दी। खरगे कठुआ में आतंकवादियों के खिलाफ जारी अभियान में शहीद हुए हेड कांस्टेबल को श्रद्धांजलि दे रहे थे। इस घटना में दो अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और एक आतंकवादी मारा गया है। कांग्रेस महासचिव गुलाम अहमद मीर ने बताया, वह जसरोटा में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित कर रहे थे, तभी उन्हें बेचैनी महसूस हुई और चक्कर आने लगा। उनके सहयोगियों ने उन्हें कुर्सी पर बैठाने में मदद की।

ALSO READ: मल्लिकार्जुन खरगे ने बेरोजगारी को लेकर पीएम मोदी पर साधा निशाना, क्या बोले

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष की हालत स्थिर है। खरगे विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाने के वास्ते एक रैली को संबोधित करने जसरोटा पहुंचे थे। उनका उधमपुर जिले के रामनगर में एक और सार्वजनिक रैली को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है।

जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के उपाध्यक्ष रवींद्र शर्मा ने कहा कि खरगे को चक्कर आया और उन्हें एक कमरे में ले जाया गया, जहां जांच के लिए डॉक्टरों को बुलाया गया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर सलाह देंगे कि वह दूसरी रैली में भाग ले सकते हैं या नहीं। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour

© Copyright @2024 LIDEA. All Rights Reserved.