टोंक न्यूज़ डेस्क - टोंक शहर में हुए सामूहिक दुष्कर्म के सभी आरोपी अभी गिरफ्तार भी नहीं हुए हैं, उससे पहले एक बार फिर टोंक के देवली में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार नाबालिग लड़की को एक होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया गया। आरोपी ने उसे किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी है। फिलहाल पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और देवली के डीएसपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
स्कूल जाते समय किया अपहरण
दुष्कर्म पीड़िता के पिता ने मंगलवार रात थाने में मामला दर्ज कराया, जिसमें उसने बताया कि 25 फरवरी की सुबह उसकी बेटी अपने गांव से देवली में पढ़ाई करने के लिए निकली थी। इसी दौरान रास्ते में पहले से मौजूद एक युवक ने उसकी बेटी का अपहरण कर लिया और एक होटल में ले गया। होटल में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया।
वीडियो वायरल करने की दी धमकी
आरोपी युवक ने पीड़िता को किसी को न बताने की धमकी दी और कहा कि अगर उसने यह बात किसी को बताई तो वह उसे जान से मार देगा। पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच देवली डीएसपी राम सिंह को सौंपी गई है। देवली थानाधिकारी दौलतराम का कहना है कि छात्रा के पिता की शिकायत मिलते ही दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।