अलवर न्यूज़ डेस्क - भाजपा ने मंडल व जिला कार्यकारिणी का नया ढांचा लागू कर दिया है। उत्तर व दक्षिण जिले के 54 मंडलों में महामंत्री के 54 पद कम कर दिए गए हैं। वहीं जिला कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष व मंत्री के 12-12 पद बढ़ाए गए हैं। यानी उत्तर व दक्षिण जिले में 6-6 पद बढ़ाए गए हैं। इसी माह मंडल कार्यकारिणी की घोषणा होने की उम्मीद है। वहीं जिला कार्यकारिणी की घोषणा अप्रैल में होगी। इसके लिए तैयारियां चल रही हैं। कई नेता जिला कार्यकारिणी में जगह पाने के लिए बड़े नेताओं के चक्कर भी लगा रहे हैं।
एक मंडल में दो ही महामंत्री बनाए जा सकेंगे
अलवर उत्तर जिले में 24 व दक्षिण जिले में 30 मंडल हैं। सभी मंडलों पर एक अध्यक्ष होता है। मंडल अध्यक्ष अपनी कार्यकारिणी घोषित करेगा। इसके लिए जिला अध्यक्ष की सहमति जरूरी है। पहले मंडल कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री व कोषाध्यक्ष के पद होते हैं। तीन महामंत्री बनाए जाते थे, लेकिन इस बार एक मंडल में दो ही महामंत्री बनाए जा सकेंगे। ऐसे में हर मंडल में एक महामंत्री का पद कम कर दिया गया है। इसी तरह जिला कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष के पांच पद थे, जिन्हें बढ़ाकर अब 8 कर दिया गया है। साथ ही मंत्री के 5 पद बढ़ाकर 8 कर दिए गए हैं। महामंत्री के सिर्फ तीन पद होंगे। कोषाध्यक्ष का एक पद होगा।
हर मंडल कार्यकारिणी में महामंत्री का एक पद कम किया गया है। वहीं जिला कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष और मंत्री के तीन-तीन पद बढ़ाए गए हैं। मंडल कार्यकारिणी की तैयारियां चल रही हैं। मंडल अध्यक्ष इसे जिला अध्यक्ष की सहमति से तैयार करेंगे। इसके बाद जिला कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी। - लक्ष्मीनारायण गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी, भाजपा
कार्यकारिणी घोषणा में इतनी देरी क्यों
जिला अध्यक्ष का चुनाव हुए डेढ़ महीने हो गए हैं, लेकिन अभी तक जिला कार्यकारिणी की घोषणा नहीं हुई है। कार्यकर्ता पद मिलने का इंतजार कर रहे हैं। कोई सिफारिश कर रहा है तो कोई नई कार्यकारिणी में शामिल होकर अपना राजनीतिक करियर बनाना चाहता है।