9 महीने बाद सुनीता विलियम्स ने पहली बार महसूस की पृथ्वी की ग्रैविटी, देखें वीडियो
भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्षयात्री सुनीता विलियम्स (Sunita Williams) नौ महीने 14 दिन के बाद सफलतापूर्वक पृथ्वी पर लौट आई हैं। स्पेसएक्स (SpaceX) के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट के जरिए उन्होंने और उनके साथी अंतरिक्षयात्रियों ने 17 घंटे का सफर तय कर धरती पर वापसी की। लंबे अंतराल के बाद उन्होंने पहली बार पृथ्वी की गुरुत्वाकर्षण शक्ति (Gravity) को महसूस किया।
ऐसे हुई घर वापसी
स्पेसएक्स का ड्रैगन कैप्सूल आज तड़के 3:27 बजे फ्लोरिडा के तट पर स्प्लैशडाउन हुआ। पहले से मौजूद सेफ्टी टीम ने रिकवरी शिप की मदद से चारों अंतरिक्षयात्रियों को यान से बाहर निकाला। इस दौरान सबसे पहले क्रू-9 मिशन के कैप्टन निक हेग, फिर रूस के अंतरिक्षयात्री एलेक्जेंडर गोर्बुनोव, उसके बाद सुनीता विलियम्स और अंत में बुच विल्मर बाहर आए।
जब सुनीता विलियम्स ने महसूस की ग्रैविटी
जैसे ही स्पेसक्राफ्ट पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश किया, इसका तापमान 1,600 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इस खतरनाक सफर के बाद जब सुनीता विलियम्स ने पहली बार ग्रैविटी महसूस की, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया। यह पल उनके लिए बेहद खास था, क्योंकि नौ महीने बाद वह फिर से धरती की सतह पर थीं।
सुनीता विलियम्स को जैसे ही स्पेसएक्स ड्रैगन कैप्सूल से बाहर निकाला गया, उन्हें तुरंत स्ट्रेचर पर बैठाया गया। ऐसा उनके स्वास्थ्य और मेडिकल जांच के लिए किया गया, क्योंकि लंबे समय तक अंतरिक्ष में रहने के कारण शरीर को दोबारा ग्रैविटी के अनुकूल होने में समय लगता है।
पहली बार महसूस की ग्रैविटी
ड्रैगन कैप्सूल से बाहर निकलने के बाद सुनीता विलियम्स ने नौ महीने बाद पहली बार पृथ्वी की गुरुत्वाकर्षण शक्ति (Gravity) को महसूस किया। वह कुछ सेकंड के लिए अपने पैरों पर खड़ी होने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन ग्रैविटी के आदी नहीं होने की वजह से संतुलन नहीं बना पाईं। इस दौरान दो लोगों ने उनकी मदद की और उन्हें स्ट्रेचर पर बैठाया गया।
8 दिन का मिशन, 9 महीने में बदला
बता दें कि सुनीता विलियम्स और उनके साथी केवल 8 दिनों के लिए अंतरिक्ष यात्रा पर गए थे, लेकिन तकनीकी समस्याओं के चलते उन्हें वहां 9 महीने बिताने पड़े। 5 जून 2024 को उन्हें बोइंग स्टारलाइनर क्रू कैप्सूल के जरिए अंतरिक्ष में भेजा गया था, लेकिन मिशन की अनपेक्षित परिस्थितियों के कारण उनकी वापसी में देरी हुई।
सुनीता विलियम्स ने बनाए नए रिकॉर्ड
नासा के मुताबिक, सुनीता विलियम्स और उनकी टीम ने 900 घंटे का शोध कार्य पूरा किया और 150 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग किए। उन्होंने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया – अंतरिक्ष में सबसे अधिक समय बिताने वाली महिला के रूप में। इसके अलावा, उन्होंने 62 घंटे 9 मिनट तक स्पेस स्टेशन के बाहर काम किया, जिसमें उन्होंने 9 बार स्पेसवॉक किया।