गुरुवार को आल टाइम हाई के बाद आई गिरावट
Gold Silver Price (आज समाज), बिजनेस डेस्क : दोनों कीमती धातुओं की कीमतें अपने उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद थोड़ी कम हुई हैं। 20 मार्च को सोने की कीमतों में हल्की गिरावट देखी गई, जबकि चांदी ने एक लाख रुपये का स्तर छूने के बाद 1576 रुपये प्रति किलोग्राम की कमी के साथ 98,392 रुपये पर बंद हुई। 18 मार्च को चांदी की कीमत एक लाख चार सौ रुपये प्रति किलो थी।
सोने की कीमतों में लगातार वृद्धि के चलते 19 मार्च को 24 कैरेट सोने की कीमत 88,649 रुपये तक पहुंच गई, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में इस वर्ष अभूतपूर्व वृद्धि देखी गई है। भारत में, 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम सोने की कीमत 76,162 रुपये थी, जो 19 मार्च को बढ़कर 88,649 रुपये हो गई। इस प्रकार, तीन महीनों में सोने की कीमत में 12,487 रुपये की वृद्धि हुई है। चांदी ने भी एक लाख रुपये का स्तर पार किया है।
शादी के मौसम में बढ़ती मांग और वैश्विक अनिश्चितताओं के चलते सोने की कीमत में 700 रुपये की वृद्धि हुई, जिससे यह बुधवार को 91,950 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यह अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। मंगलवार को यह 91,250 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। स्थानीय सराफा कारोबारियों द्वारा की गई खरीदारी और मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण भी कीमतों में वृद्धि हुई है।
हर कैरेट सोने का हॉलमार्क नंबर अलग होता है। उदाहरण के लिए, 24 कैरेट सोने का मान 999, 23 कैरेट का 958, 22 कैरेट का 916, 21 कैरेट का 875 और 18 कैरेट का 750 होता है। इससे शुद्धता की पुष्टि होती है। 22 कैरेट सोने का उपयोग मुख्य रूप से आभूषण बनाने में किया जाता है, जिसमें 91.6 प्रतिशत शुद्धता होती है।