महंत यति नरसिंहानंद गिरि विवाद: गाजियाबाद जिले के डासना देवी मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद गिरि एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। यति नरसिंहानंद गिरि के खिलाफ कथित तौर पर नफरत फैलाने और जिले के शीर्ष पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप
गाजियाबाद के वेव थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार, डासना देवी मंदिर के पुजारी पर ‘महात्मा गांधी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने और धार्मिक भावनाओं को भड़काने, आपराधिक धमकी देने, अपमान करने, बदनाम करने और सार्वजनिक शांति भंग करने के इरादे से शब्दों का इस्तेमाल करने’ का आरोप लगाया गया है।
पुलिस अधिकारियों के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करना
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि ‘नरसिंहानंद ने एक वीडियो में गाजियाबाद पुलिस आयुक्त और लोनी के सहायक पुलिस आयुक्त के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है।’
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने कहा, “शुक्रवार को वेव पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार नरसिंहानंद के बयान भड़काऊ थे और उनका उद्देश्य सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ना था।” अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
कौन हैं महंत यति नरसिंहानंद गिरि?
आपको बता दें कि महंत यति नरसिंहानंद गिरि उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के डासना में स्थित शिव शक्ति धाम (देवी मंदिर) के मुख्य पुजारी हैं। वह पुराने अखाड़े के महामंडलेश्वर भी हैं। उनका मूल नाम दीपक त्यागी बताया जाता है। वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के मूल निवासी हैं। यति नरसिंहानंद ज्यादातर अपने विवादास्पद बयानों और गतिविधियों के कारण चर्चा में रहते हैं।