रायपुर: छत्तीसगढ़ में आज सुबह 8 बजे से शुरू हुए नगर निगम चुनाव के लिए मतदान का कार्य समाप्त हो गया है। प्रदेश में 173 नगरीय निकायों के लिए मतदान हुआ, जिसमें 10 नगर निगम, 49 नगरपालिका और 114 नगर पंचायतें शामिल हैं। मतदान प्रक्रिया के अनुसार, 4 बजे तक 68.1% मतदान दर्ज किया गया, जिसमें महिलाओं का मतदान 67.8% और पुरुषों का 64.06% रहा। ट्रांसजेंडर मतदाताओं का प्रतिशत 9.9% रहा। रायपुर नगर निगम में 4 बजे तक 44.50% मतदान हुआ।
छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगमों में मतदान संपन्न हुआ, जिनमें अंबिकापुर, कोरबा, चिरमिरी, जगदलपुर, दुर्ग, धमतरी, बिलासपुर, राजनांदगांव, रायगढ़ और रायपुर शामिल हैं। इसके साथ ही 49 नगर पालिकाओं और 114 नगर पंचायतों में भी मतदान हुआ। सभी निकायों के परिणाम 15 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।
धमतरी में मतदान के दौरान एक मतदाता की हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई। नगर पंचायत वार्ड क्रमांक 12 में वोट डालने पहुंचे कुंजबिहारी अचानक बेहोश हो गए थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, सूरजपुर और रायगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रत्याशियों पर वोट के लिए पैसे और बाल्टी बांटने का आरोप लगाया।
रायपुर के भगवती चरण शुक्ल वार्ड में एक परिवार के चार सदस्यों को वोटर पर्ची और नंबर नहीं मिलने के कारण भटकना पड़ा। नाराज मतदाताओं ने री-इलेक्शन की मांग की है और कलेक्टर तथा चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराया है।
विजय मिश्रा ने बताया कि उनकी पत्नी को वार्ड क्रमांक 70 में मतदान करने की पर्ची मिली, जबकि उन्हें वार्ड क्रमांक 69 में मतदान करने के लिए भेजा गया।
महिलाओं का मतदान प्रतिशत: 64.06%
पुरुषों का मतदान प्रतिशत: 67.8%
अन्य: 9.9%
कुल मतदान प्रतिशत: 68.1%