केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने वक्फ अधिनियम को 'एक नए युग की शुरुआत' बताया है। रविवार को जोधपुर पहुंचे शेखावत ने कहा कि यह कानून देश के गरीब मुसलमानों के लिए न्याय का मार्ग प्रशस्त करेगा, जो अब तक वक्फ संपत्तियों के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार का शिकार होते रहे हैं।
पत्रकारों से बात करते हुए शेखावत ने कहा कि लाखों एकड़ भूमि जिसे वक्फ संपत्ति घोषित किया गया है, उसका उपयोग कुछ चुनिंदा लोग कर रहे हैं। यह जमीन गरीब मुसलमानों के लाभ के लिए दान की गई थी, लेकिन उन्हें इसका कोई फायदा नहीं मिल सका। अब इस कानून के माध्यम से पारदर्शिता आएगी और भ्रष्टाचार रुकेगा। शेखावत ने कहा कि इसका विरोध सिर्फ वे लोग कर रहे हैं जिनके निजी हित इससे प्रभावित हो रहे हैं, लेकिन देश का आम मुसलमान इस कानून का स्वागत कर रहा है।
भाजपा यात्रा एवं कार्यकर्ताओं का अभिनंदन
भाजपा की स्थापना और अब तक की यात्रा पर बोलते हुए शेखावत ने कहा कि पार्टी का गठन एक विशिष्ट उद्देश्य और लक्ष्य को लेकर किया गया था। 1980 के बाद से भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत के बल पर गरीबी से अमीरी तक का सफर तय कर रही है। शेखावत ने आगे कहा कि आज भाजपा न केवल विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, बल्कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ केन्द्र में सरकार भी चला रही है। यह हमारे समर्पित कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने देशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम का जीवन और उनका प्रत्येक कार्य हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।