मुंबई, 18 अप्रैल। भोजपुरी फिल्म की मशहूर अदाकारा अक्षरा सिंह हाल ही में मध्य प्रदेश के दतिया में स्थित पीतांबरा पीठ गईं, जहां उन्होंने देवी के दर्शन किए। अभिनेत्री ने अपने सोशल मीडिया पर इस यात्रा की झलक साझा की, जिसमें वह भक्ति में मग्न नजर आ रही हैं।
इंस्टाग्राम पर साझा की गई पोस्ट में उन्होंने लिखा, “सर्व मंगल मांगल्ये, शिवे सर्वार्थ साधिके, शरण्ये त्र्यम्बके गौरी नारायणी नमोस्तुते। दतिया मां पीतांबरा।”
तस्वीरों में अक्षरा गुलाबी साड़ी पहने हुए, हाथ में प्रसाद लिए हुए दिखाई दे रही हैं। उनके माथे पर रोली का तिलक और गले में गेंदे की माला भी है।
मध्य प्रदेश के दतिया जिले में स्थित मां पीतांबरा का मंदिर एक प्रमुख तीर्थ स्थल है, जहां देशभर से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। पीतांबरा देवी को शत्रुओं का नाशक और राजसत्ता की देवी माना जाता है, जिसके लिए भक्त उनकी आराधना करते हैं।
इस सिद्ध पीठ में कई राजनीतिक हस्तियां जैसे पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, और अटल बिहारी वाजपेयी भी आ चुके हैं। मान्यता है कि यहां दर्शन करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
हाल ही में, अक्षरा सिंह ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुंबई में मुलाकात की थी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “बालाजी और बागेश्वर सरकार अब मुंबई की धरती पर सीता राम।”
अक्षरा ने तीन तस्वीरें साझा कीं, जिनमें से दो हनुमान जी की मूर्ति के साथ हैं और एक बागेश्वर बाबा के साथ। तस्वीर में धीरेंद्र शास्त्री ने अक्षरा को बागेश्वर धाम की तस्वीर भेंट की, जबकि अभिनेत्री उनके आशीर्वाद लेती नजर आईं।