आजकल हार्ट अटैक, हार्ट फेलियर और स्ट्रोक जैसी स्वास्थ्य समस्याएं आम होती जा रही हैं। प्रदूषण, अस्वस्थ खानपान, आलस्य और आधुनिक जीवनशैली के कारण हार्ट अटैक के मामलों में वृद्धि हो रही है, जिससे कई लोगों की जान जा रही है। हाल ही में एक अध्ययन में हार्ट अटैक से संबंधित एक महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है।
इस अध्ययन में यह पाया गया कि जिन लोगों का ब्लड ग्रुप O नहीं है, उन्हें दिल का दौरा पड़ने का खतरा सबसे अधिक होता है। शोधकर्ताओं ने यह भी पता लगाया कि कौन से ब्लड ग्रुप के लोग हार्ट अटैक के लिए सबसे अधिक या सबसे कम संवेदनशील हैं। A और B ब्लड ग्रुप वाले लोग सबसे अधिक जोखिम में पाए गए।
इस रिसर्च में लगभग चार लाख लोगों को शामिल किया गया था, जिसमें ब्लड ग्रुप A, B और O के लोग शामिल थे। अध्ययन से यह स्पष्ट हुआ कि ब्लड ग्रुप A और B वालों को O ब्लड ग्रुप वालों की तुलना में हार्ट अटैक का खतरा 8 प्रतिशत अधिक होता है।
अध्ययन में यह भी देखा गया कि ब्लड ग्रुप B वालों को O ब्लड ग्रुप वालों की तुलना में दिल का दौरा पड़ने का खतरा 15 प्रतिशत अधिक है। वहीं, A ब्लड ग्रुप वालों को O ब्लड ग्रुप वालों की तुलना में हार्ट फेलियर का खतरा 11 प्रतिशत अधिक है।
आप सोच रहे होंगे कि A और B ब्लड ग्रुप वालों को O ब्लड ग्रुप वालों की तुलना में हार्ट अटैक या हार्ट फेलियर का खतरा अधिक क्यों होता है। इसका कारण यह है कि A और B ब्लड ग्रुप वालों में खून का थक्का जमने की संभावना O ब्लड ग्रुप वालों की तुलना में 44 प्रतिशत अधिक होती है। जब किसी व्यक्ति में खून का थक्का अधिक बनता है, तो हार्ट अटैक का खतरा भी बढ़ जाता है। दरअसल, जब खून सामान्य से अधिक गाढ़ा होता है, तो यह दिल की धमनियों को ब्लॉक कर सकता है, जिससे हार्ट अटैक का खतरा बढ़ता है।