पहलगाम हमले के बाद भी पाकिस्तान(Pakistan) की नापाक हरकतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर बिना किसी उकसावे के एलओसी(LoC) पर फायरिंग शुरू कर दी। भारतीय सेना के मुताबिक 27-28 अप्रैल 2025 की रात कुपवाड़ा और पुंछ सेक्टर में पाकिस्तानी पोस्ट्स ने अचानक गोलाबारी शुरू कर दी। ऐसे में भारतीय जवानों ने ना सिर्फ फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दिया बल्कि दुश्मन को मुंहतोड़ संदेश भी दिया कि भारत किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं करेगा।
पिछले कुछ दिनों में पाकिस्तान चौथी बार बिना वजह फायरिंग कर चुका है। खास बात ये है कि हर बार ये फायरिंग देर रात की जाती है ताकि माहौल में डर और तनाव फैलाया जा सके। लेकिन भारतीय सेना हर मोर्चे पर सतर्क है और दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब देने में जरा भी देर नहीं कर रही। पाकिस्तान की इस बौखलाहट के पीछे भारत के सख्त कदम हैं। जिससे वो पूरी तरह से घबराया हुआ है।
पहलगाम हमले से पहले 2021 में हुए संघर्ष विराम के बाद सीमा पर हालात काफी शांत थे। लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। एलओसी पर तनाव बढ़ गया है। 740 किलोमीटर लंबी नियंत्रण रेखा पर अब फिर से गोलियों की आवाजें गूंजने लगी हैं। भारतीय सेना चौकन्नी है। वो हर हरकत पर पैनी नजर रखे हुए है।
पहलगाम हमले के बाद भारत ने कई बड़े फैसले लिए हैं। जिसने पाकिस्तान को चौतरफा घेर दिया है। भारत ने अटारी बॉर्डर को बंद कर दिया। पाकिस्तानी नागरिकों के लिए सार्क वीजा छूट योजना को सस्पेंड कर दिया।
साथ ही पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने के लिए 40 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है। इतना ही नहीं दोनों देशों के उच्चायोगों में अधिकारियों की संख्या भी घटा दी गई है। सिंधु जल संधि को भी भारत ने फिलहाल स्थगित कर दिया है। जिस पर पाकिस्तान बुरी तरह तिलमिलाया हुआ है और युद्ध की धमकियां दे रहा है।