Covid Alert: कोरोना का नया वेरिएंट JN.1 कई देशों में तेजी से फैल रहा है। इसे ओमीक्रोन का सब-वेरिएंट माना जा रहा है। भारत में यह वेरिएंट नया नहीं है, लेकिन इस बार इसके मामलों में वृद्धि हो रही है। महाराष्ट्र में सबसे अधिक संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। आंध्र प्रदेश में 21 मई को और ओडिशा में 22 मई को एक-एक संक्रमित की रिपोर्ट आई है।
आंध्र प्रदेश में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशक, डॉक्टर पद्मावती के अनुसार, विशाखापत्तनम में 23 वर्षीय एक महिला, जिसे मलेरिया था, में कोविड के लक्षण पाए गए। कोविड टेस्ट में उसका परिणाम पॉजिटिव आया। पहले यह टेस्ट प्राइवेट लैब में हुआ था, लेकिन पुष्टि के लिए सरकारी लैब में भी जांच की गई, जहां भी परिणाम पॉजिटिव आया। महिला की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है, फिर भी वह संक्रमित पाई गई है। वर्तमान में उसकी स्थिति स्थिर है और उसे आइसोलेट किया गया है।
हालांकि संक्रमितों की संख्या केवल एक है, लेकिन संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। इसलिए, राज्य सरकार ने सभी नागरिकों को सतर्क रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी है। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य होगा और हाथों को साफ रखना जरूरी है। मॉल, थिएटर और बस स्टैंड जैसी जगहों से दूरी बनाना आवश्यक है। विशेष रूप से बुजुर्ग, बच्चे और गर्भवती महिलाएं इन बातों का ध्यान रखें।
राज्य सरकार ने यह भी निर्देश दिए हैं कि यदि किसी को कोरोना के लक्षण जैसे सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार, सिरदर्द, दस्त या उल्टी हो रही है, तो उन्हें तुरंत अन्य लोगों से दूरी बनानी चाहिए। खुद को आइसोलेट करना आवश्यक है ताकि संक्रमण न फैले। लक्षण दिखने पर नजदीकी अस्पताल या क्लीनिक से शुरुआती इलाज लेना चाहिए।
राज्य के हवाई अड्डों पर भी सख्त निगरानी रखी जा रही है। कोविड स्क्रीनिंग के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। हालांकि, यात्रा पर कोई रोक नहीं है। अस्पतालों में विशेष आइसोलेशन वार्ड भी बनाए जाएंगे।