Weather Alert: मई में क्यों मच रहा है राजस्थान में आंधी-तूफानों और बारिश का कहर? IMD ने बताई 5 चौंकाने वाली वैज्ञानिक वजहें
aapkarajasthan May 30, 2025 03:42 PM

राजस्थान में जलवायु परिवर्तन का असर इस साल गर्मियों में खास तौर पर मई महीने में साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। 29 मई तक राज्य में पांच तूफान आ चुके हैं। तूफान की अधिकतम गति 78 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा चुकी है, जबकि पिछले साल एक भी तूफान नहीं आया था। कुछ समय के लिए तूफानों की तीव्रता कम हो गई थी, लेकिन इस साल असामान्य मौसम पैटर्न ने तूफान की तीव्रता बढ़ा दी है। खास बात यह है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों तरफ से नमी आने के कारण तूफान के पीछे बारिश भी हो रही है, जिससे एयर क्वालिटी इंडेक्स 200 से नीचे बना हुआ है। इससे वायु प्रदूषण कम हो रहा है। 1 मार्च से अब तक राज्य में 80 फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है। राज्य के 33 जिलों (मौसम विभाग अभी भी पुराने 33 जिलों के हिसाब से गणना करता है।) में से केवल चार जिलों बीकानेर, दौसा, करौली और सवाई माधोपुर में औसत से कम बारिश हुई है, जबकि 10 जिलों में सामान्य और शेष 19 जिलों में औसत से अधिक बारिश दर्ज की गई है। 

मई में मौसम में आए बदलाव से अस्थिर वायुमंडलीय परिस्थितियां : मई में तापमान 45 से 47 डिग्री तक पहुंच गया। अत्यधिक गर्मी के कारण सतह और वायुमंडल के तापमान में भारी अंतर के कारण अस्थिरता बढ़ गई। इस अस्थिरता के कारण तूफान और धूल भरी हवाएं चलीं। 
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता : इस वर्ष मई में कुछ पश्चिमी विक्षोभ अपेक्षाकृत अधिक सक्रिय रहे हैं। जब ये विक्षोभ थार के गर्म क्षेत्र से टकराते हैं तो हवाओं की दिशा और गति तेजी से बदलती है, जिससे तूफान आते हैं। 
स्थानीय गर्म हवा (लू) की भूमिका : इस माह कई स्थानों पर कई दिनों तक लू चली। लू एक गर्म हवा होती है। यह गर्म हवा जब अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवा से टकराई तो तूफान और बरसात का मौसम बना। 

दोनों समुद्र सक्रिय : इस वर्ष अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों सक्रिय हैं। बंगाल की खाड़ी में एक गहरा अवदाब बना है। मानसून से पहले ही पूर्वी हवा राजस्थान पहुंचने लगी। अरब सागर पास होने के कारण यह नमी भी लेकर आ रही है। इसके कारण तूफान के पीछे बारिश हो रही है। 
मानसून की सक्रियता: इस साल मानसून केरल में आठ दिन पहले पहुंचा। मुंबई में दस दिन पहले पहुंचा। मानसून की अधिक सक्रियता के कारण पश्चिमी भाग में मौसम तेजी से बदल रहा है। इस साल उच्च तापमान, उच्च आर्द्रता, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता, लगातार पूर्वी हवाएं, मानसून की सक्रियता जैसे कारक तूफान और बारिश का मौसम बना रहे हैं।

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.