भोपाल: प्रधानमंत्री मोदी को सुनने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं सिंदूरी रंग की साड़ियां पहनकर आई हैं। उनका कहना है कि वे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के लिए पीएम मोदी का धन्यवाद करना चाहती हैं।
प्रधानमंत्री मोदी आज सुबह लगभग 11:15 बजे भोपाल में लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में भाग लेंगे। इस अवसर पर वे महिलाओं के सशक्तिकरण और नागरिक बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। सिंदूरी साड़ियों में सजी महिलाएं पीएम मोदी को सुनने के लिए अपनी उत्सुकता व्यक्त कर रही हैं।
एक महिला ने कहा कि पीएम मोदी के आगमन को लेकर हम सभी बहुत उत्साहित हैं। हम सुबह छह बजे उठकर घर से निकले हैं।
एक अन्य महिला ने बताया कि हम पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए ऑपरेशन सिंदूर चलाया, जो एक सैन्य अभियान था। पाकिस्तान को हमने मुंहतोड़ जवाब दिया है। हमारे सैनिकों ने पहलगाम आतंकी हमले का प्रतिशोध लिया है।
ज्योति ने कहा कि पीएम मोदी के कार्यों से हम बहुत प्रभावित हैं। उनकी योजनाओं ने महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर दिया है। मेरे साथ आई सभी महिलाएं उनके कार्यों से बहुत खुश हैं। देश में पहले कभी ऐसा प्रधानमंत्री नहीं आया, जिसने महिलाओं के उत्थान के लिए इतना काम किया हो।
शोभा ने कहा कि पीएम मोदी के भोपाल आगमन से हम बहुत खुश हैं। हम सभी उन्हें सुनने के लिए यहां आए हैं।
इस दौरे के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी अहिल्याबाई होल्कर के सम्मान में एक स्मारक डाक टिकट और 300 रुपए का विशेष सिक्का जारी करेंगे, जिसमें उनकी तस्वीर होगी। इसके अलावा, वे आदिवासी, लोक और पारंपरिक कलाओं में उनके योगदान के लिए एक प्रतिष्ठित महिला कलाकार को राष्ट्रीय देवी अहिल्याबाई पुरस्कार भी प्रदान करेंगे।