Sonipat में फिजियोथेरेपिस्ट हुआ गिरफ्तार, महिला से दरिंदगी और बेटी से छेड़छाड़ का लगा आरोप
Samachar Nama Hindi May 31, 2025 06:42 PM

सोनीपत की सेक्टर-27 पुलिस ने महिला से दुष्कर्म और उसकी नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ के आरोपी फिजियोथेरेपिस्ट राहुल को गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि उसने बंदूक की नोक पर महिला से दुष्कर्म किया। दुष्कर्म करने के साथ ही उसने महिला को ब्लैकमेल भी किया और उसकी बेटी से छेड़छाड़ की। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

महिला ने पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत में बताया कि वह वर्ष 2022-23 में सेक्टर-27 थाना क्षेत्र में एक फिजियोथेरेपी सेंटर में कार्यरत थी। 12 जनवरी 2023 की शाम को जब वह घर जाने लगी तो संचालक राहुल ने उसे अपने ऑफिस में बुलाकर पहले अश्लील हरकतें कीं और फिर पिस्तौल दिखाकर दुष्कर्म किया। बाद में उसने धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो वह उसके पति और बच्चों को जान से मार देगा।

आरोप है कि उसे बदनाम करने की धमकी देकर दोबारा उसका शोषण किया गया। आरोपी ने उसे मोबाइल पर वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल किया और उसका शारीरिक शोषण किया।

प्रताड़ना के चलते उसने सितंबर 2023 में नौकरी छोड़ दी। आरोप है कि उसने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। वह उसके घर भी आता-जाता था। आरोप है कि 27 अप्रैल की शाम को जब वह बाथरूम में थी, तो आरोपी उसकी बेटी के कमरे में घुस गया। जब वह बाहर आई तो वह अर्धनग्न था और उसकी बेटी रो रही थी। महिला को देखकर वह मौके से भाग गया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया है।

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.