IPL 2025: जिसके लिए ऑक्शन में RTM नहीं लगाया, उसी ने आईपीएल से बाहर करवा दिया, पछता रही होगी मुंबई इंडियंस
NBT June 06, 2025 06:05 PM
अहमदाबाद: मुंबई इंडियंस की स्काउट टीम का कोई जवाब नहीं है। आईपीएल में हर सीजन में मुंबई में कुछ ऐसे चेहरे दिखते हैं, जिनके बारे में लोगों को पता नहीं होता। इसमें कई खिलाड़ी आते ही छा जाते हैं। कुछ मैचों में ही उनकी चर्चा होने लगती है। इसी में एक नेहाल वढेरा हैं। जब आईपीएल 2023 की नीलामी में मुंबई इंडियंस ने वढ़ेरा को खरीदा तो उन्होंने कोई प्रोफेशनल मैच नहीं खेला था। उन्होंने अपना व्हाइट बॉल डेब्यू सीधे आईपीएल में ही किया था। 
 

मुंबई ने आरटीएम यूज नहीं किया

नेहाल वढेरा ने आईपीएल में कुछ अच्छी पारियां खेली। इसके साथ ही घरेलू क्रिकेट में पंजाब के लिए भी दमदार खेल दिखाया। आईपीएल 2025 से पहले मेगा ऑक्शन हुआ। मुंबई ने इसमें नेहाल वढेरा को रिटेन नहीं किया। ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने उन्हें 4.2 करोड़ में खरीदा। मुंबई ने उनके लिए बोली भी नहीं लगाई। टीम के पास आरटीएम भी मौजूद था लेकिन मुंबई इंडियंस ने वढेरा के लिए उसका इस्तेमाल भी नहीं किया।

नेहाल वढेरा की विस्फोटक बैटिंग

मुंबई इंडियंस के खिलाफ क्वालिफायर-2 में नेहाल वढेरा ने विस्फोटक बैटिंग की। जोश इंगलिस का विकेट गिरने के बाद लगा कि पंजाब दबाव में आ जाएगी। श्रेयस अय्यर भी खुलकर नहीं खेल रहे थे। लेकिन वढेरा ने मुंबई के गेंदबाजों पर धावा बोल दिया। वह फिफ्टी नहीं लगा पाए लेकिन सिर्फ 29 गेंद पर 48 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 4 चौके और 2 छक्के शामिल थे। श्रेयस अय्यर के साथ चौथे विकेट के लिए 47 गेंद पर 84 रन जोड़कर उन्होंने पंजाब की जीत पक्की कर दी और मुंबई को सफर समाप्त करवा दिया। 
सपना टूटा तो बिखर गए हार्दिक पंड्या, रोने लगे अश्वनी, निराश नीता अंबानी, ये तस्वीरें दिल तोड़ देंगी
© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.