माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में सचिव के औचक निरिक्षण से मचा हड़कंप! ऑफिस में 90+ कर्मचारी नदारद, उठाए गए सख्त कदम
aapkarajasthan June 07, 2025 07:42 PM

शुक्रवार को सचिव ने अजमेर जिले में राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के उपस्थिति रजिस्टर तलब किए। इस दौरान 90 से अधिक कर्मचारी व अधिकारी अनुपस्थित मिले। अनुपस्थिति को गंभीर मानते हुए उन्होंने रजिस्टर में क्रॉस का निशान लगा दिया। बोर्ड का सामान्य कार्य समय सुबह 9.30 से शाम 6 बजे तक है। शुक्रवार को सचिव कैलाश चंद्र शर्मा ने आकस्मिक जांच के तौर पर सुबह 11.30 बजे सभी अनुभागों के रजिस्टर मंगवाए। 

इनकी जांच करने पर 90 से अधिक कर्मचारी व अधिकारी अनुपस्थित मिले। इनमें विभिन्न अनुभागों के कार्मिक शामिल थे। सचिव ने अनुपस्थित कार्मिक व अधिकारियों के नाम के आगे क्रॉस का निशान लगा दिया। प्रशासनिक स्तर पर की गई कार्रवाई से बोर्ड में दिनभर हड़कंप मचा रहा। बोर्ड में बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की अनुपस्थिति को प्रशासन ने गंभीरता से लिया। 

बोर्ड इन्हें नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगेगा। मालूम हो कि बोर्ड प्रशासक का कार्यभार हाल ही में राजस्व मंडल अध्यक्ष हेमंत गेरा ने संभाला है। अमूमन शहर के अधिकांश सरकारी कार्यालयों में यही स्थिति रहती है। प्रतिदिन 25 से 30 प्रतिशत कार्मिक बिना किसी कारण के कार्यालयों से अनुपस्थित रहते हैं। संभागीय आयुक्त, कलेक्टर व अन्य अधिकारियों की जांच में कई बार कार्रवाई भी हो चुकी है।

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.