Sonia Gandhi health deteriorated: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता श्रीमती सोनिया गांधी की तबीयत शनिवार को अचानक बिगड़ जाने के बाद उन्हें शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IMGC) भर्ती कराया गया। जरूरी जांचें करने के बाद श्रीमती गांधी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने बताया कि अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ शिमला की निजी यात्रा पर आईं सोनिया गांधी (78) ने अस्पताल में कुछ जांच कराई और फिर वहां से चली गईं। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी को उच्च रक्तचाप की शिकायत के बाद, अस्पताल ले जाया गया था। यह एक नियमित जांच थी और अब वह घर वापस चली गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल में चिकित्सकों ने कुछ जांच की।
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी सोमवार को अपनी बेटी प्रियंका के साथ शिमला की निजी यात्रा पर पहुंची थीं। वह शिमला के बाहरी इलाके छराबड़ा में प्रियंका के घर ठहरी हैं।
उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी को इसी साल फरवरी में पेट से जुड़ी समस्या के कारण दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उस समय भी डॉक्टरों ने बताया था कि चिंता की कोई बड़ी बात नहीं है और उन्हें अगले दिन ही छुट्टी दे दी गई थी।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala