ईरान ने इजराइल के रक्षा मंत्रालय को बनाया निशाना, जवाबी हमले में ईरान के 2 और सैन्य अफसर के मारे जाने की खबर
Navjivan Hindi June 14, 2025 11:42 PM

इजराइल ने शुक्रवार देर रात ईरान पर एयरस्ट्राइक की। इजराइली फाइटर जेट्स ने ईरान के परमाणु ठिकानों को दोबारा निशाना बनाया। इन हमलों में 60 और लोग मारे गए। ईरान में इजराइली हमले में अब तक 138 लोग मारे गए हैं और 350 से ज्यादा घायल हुए हैं। वहीं हमले का जवाब देते हुए ईरान ने इजरायल पर करीब 150 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। रिपोर्ट के मुताबिक इनमें से 6 मिसाइलें राजधानी तेल अवीव में गिरीं, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 90 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान ने मिसाइलों से इजराइली रक्षा मंत्रालय को भी निशाना बनाया। हालांकि अभी तक इजराइल ने इसकी पुष्टि नहीं की है। यह हमले भारतीय समयानुसार शनिवार सुबह करीब 7:15 बजे तक जारी रहे। ईरान की ओर से हमले की आशंका के चलते इजराइली PM बेंजामिन नेतन्याहू को सुरक्षित ठिकाने पर शिफ्ट कर दिया गया था। इजराइल ने एक दिन पहले शुक्रवार सुबह 5:30 बजे ईरानी परमाणु और कई मिलिट्री ठिकानों को निशाना बनाया था। इसमें 6 परमाणु वैज्ञानिक और 20 से ज्यादा मिलिट्री कमांडर्स मारे गए थे।

ईरानी मीडिया के मुताबिक, इजराइल ने शनिवार को तेहरान में एक रिहायशी इमारत पर हमला किया। इसमें 20 बच्चों समेत 60 लोगों की मौत हो गई है। इससे पहले शुक्रवार को हमले में 78 लोग मारे गए थे और 320 घायल हुए थे। उधर, संयुक्त राष्ट्र में चीन के राजदूत फू कांग ने इजराइल के ईरान पर हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि यह ईरान की संप्रभुता का उल्लंघन है। ईरान के न्यूक्लियर फैसिलिटी पर हमला हुआ, इसे लेकर हम चिंतित हैं। इजराइल ने एक बार फिर से हद पार की है।

दैनिक भास्कर ने बताया कि ईरान की सरकारी टीवी चैनल तस्मीन न्यूज के मुताबिक इजराइली हमले में 2 और बड़े ईरानी जनरल को मारे जाने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक सेना के खुफिया विभाग के डिप्टी चीफ जनरल गुलाम रेजा मेहराबी और ऑपरेशन डिप्टी चीफ जनरल मेहदी रब्बानी मारे गए हैं। इससे पहले ईरान ने माना था कि उनके 4 बड़े सैन्य अफसरों की मौत हो चुकी है।

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.