मुंबई में शनिवार रात से लगातार मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहा। गरज-चमक के साथ हुई बारिश के बाद भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को मुंबई के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग ने शहर और उपनगरों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है, जहां भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।
नगर निगम के अनुसार, बीते 24 घंटों (रविवार सुबह 8 बजे तक) में मुंबई के द्वीप क्षेत्र में 31 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 21 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 20 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। हालांकि सुबह तक बारिश की तीव्रता कम हो गई और शहर में केवल हल्की बौछारें देखने को मिलीं। राहत की बात यह रही कि किसी भी इलाके से बड़े पैमाने पर जलभराव की सूचना नहीं मिली।
आईएमडी ने समुद्री लहरों को लेकर भी चेतावनी जारी की है। रविवार को दोपहर 2:52 बजे 4.27 मीटर ऊंची ज्वार (हाई टाइड) आने की संभावना है, जबकि रात 8:55 बजे 1.91 मीटर की लो टाइड का अनुमान है। सोमवार को सुबह 2:37 बजे 3.55 मीटर की हाई टाइड और सुबह 8:20 बजे 1.06 मीटर की लो टाइड हो सकती है।
मौसम विभाग ने 14 जून से 18 जून 2025 तक मछुआरों को कोंकण और गोवा तट पर समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी है, क्योंकि इस दौरान आंधी-तूफानी मौसम की आशंका है और हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा तक, कभी-कभी 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। ऐसे में समुद्री हालात खतरनाक बने रह सकते हैं।
इसके साथ ही आईएमडी ने 15 जून को तमिलनाडु, गोवा, केरल और महाराष्ट्र व कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों के लिए ‘रेड अलर्ट’ भी जारी किया है। विभाग की ताजा बुलेटिन के अनुसार, 15 जून को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में, 14 जून को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में और 16 जून तक केरल व माहे में कुछ स्थानों पर 20 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा होने की संभावना जताई गई है।