जींद : बारिश ने दिलाई गर्मी से निजात
Udaipur Kiran Hindi June 16, 2025 06:42 AM

जींद, 15 जून (Udaipur Kiran) । जींद में रविवार अल सुबह आई बारिश ने जहां गर्मी से निजात दिलाई वहीं मौसम में भी हल्की ठंडक ला दी है। हालांकि बारिश के बाद सड़कों पर बरसाती पानी जमा हो गया जिससे वाहन चालकों व राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई। बारिश के चलते तापमान में एक डिग्री की गिरावट आई। अधिकतम तापमान 41 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहा।

मौसम में आद्रता 45 प्रतिशत और हवा की गति आठ किलोमीटर रही। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दो दिन तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। वहीं किसान रोहताश, राजा ने बताया कि बारिश की किसान लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। बारिश न होने तथा तापमान अधिक होने के चलते धान के लिए लगाई पनीरी जल रही थी। जिससे उन्हें नुकसान हो रहा था। वहीं सब्जी उत्पादक किसानों को भी उत्पादन की चिंता सताने लगी थी। अब रविवार को हुई बारिश ने कुछ हद तक राहत दी है। अगर एक-दो बारिश और होती है तो यह सोने पर सुहागा होगी। खेतों में धान की पौध अच्छे से तैयार हो पाएगी।

गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह से तापमान 42 डिग्री रह रहा था। भीष्ण गर्मी के चलते आमजन बेहाल हो गया था। अस्पतालों में भी लू, उल्टी व दस्त के मरीज बढ़ गए थे। भीष्ण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा एडवाइजरी भी जारी की गई थी। रविवार अल सुबह अचानक से तेज हवाएं बहने लगी और देखते ही देखते तेज बारिश शुरू हो गई। जिसने मौसम में ठंडक ला दी। गरम हवाएं कुछ ठंडी हवाओं में बदल गई। पांडू पिंडारा कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ डा. राजेश ने बताया कि दो दिन तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। बारिश ने किसानों को राहत दी है। जमीन गीली हो गई है।

—————

(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.