कई लोग मीठे खाने के शौकीन होते हैं। वे न केवल बाजार से मिठाई खरीदते हैं, बल्कि घर पर भी मिठाई बनाते हैं। यदि आप भी बेसन के लड्डू के प्रेमी हैं, तो इसे घर पर बनाना एक बेहतरीन विकल्प है। हालांकि, इस साधारण रेसिपी में कई बार कुछ छोटी-छोटी गलतियाँ हो जाती हैं। कभी-कभी बेसन जल जाता है, तो कभी लड्डू ठीक से नहीं बंधते।
यदि आप भी बेसन के लड्डू बनाते समय इन समस्याओं का सामना कर रहे हैं, तो चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है। इस लेख में हम आपको कुछ उपयोगी टिप्स बताएंगे, जिन्हें आप बेसन के लड्डू बनाते समय ध्यान में रख सकते हैं।
बेसन को तेज आंच पर न भूनें
अक्सर लोग बेसन के लड्डू बनाते समय बेसन को तेज आंच पर भूनने लगते हैं। ऐसा करने से बेसन जलने लगता है। इसलिए, हमेशा धीमी आंच पर ही बेसन को भूनें। जब हल्की खुशबू आने लगे और बेसन का रंग सुनहरा हो जाए, तब समझें कि वह अच्छे से भुन गया है।
घी डालने का सही समय
बेसन के लड्डू बनाते समय घी डालने का समय भी महत्वपूर्ण है। कई लोग शुरू में सारा घी डाल देते हैं। लेकिन आपको शुरुआत में थोड़ा घी डालना चाहिए ताकि बेसन अच्छे से भुने। इसके बाद बीच में थोड़ा-थोड़ा करके घी डालते रहें।
बैटर को ठंडा न होने दें
बेसन के लड्डू में चीनी को अच्छे से मिलाने के लिए यह जरूरी है कि भुना हुआ बेसन हल्का गर्म हो। यदि बेसन ठंडा हो जाएगा, तो चीनी अच्छी तरह नहीं मिलेगी। गर्म बेसन में चीनी मिलाने से लड्डू भी अच्छे से बंधेंगे। ध्यान रखें कि दानेदार चीनी की जगह बूरा या पिसी हुई चीनी का उपयोग करें, क्योंकि दानेदार चीनी से लड्डू में किरकिरापन आ सकता है।
- मिताली जैन