19 June 2025 : देश के कई राज्यों में मानसून सक्रिय, यूपी में अगले 24 घंटे में एंट्री की उम्मीद
Samira Vishwas June 19, 2025 10:03 AM
देश के विभिन्न हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय हो गया है। दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी के बाद बारिश से लोगों को राहत मिली है। बिहार, झारखंड और राजस्थान में मानसून पहुंच चुका है, वहीं उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटे के भीतर मानसून की एंट्री होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून भोपाल, पटना और पूर्वी यूपी तक जल्द पहुंचने वाला है। इसी बीच गुजरात में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

दिल्ली-NCR में अगले दिनों मौसम रहेगा सुहाना

आपको बता दे कि, दिल्ली समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहाना रहने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 18 जून से 24 जून के बीच बादल छाए रहेंगे, हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम बना रहेगा। 19 जून को दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दिन अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। विभाग ने शाम के वक्त हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई है।

हिमाचल प्रदेश के ज्यादातर जिलों में जारी है बारिश

बताते चले कि, हिमाचल प्रदेश के किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी है। मौसम विभाग ने 12 जिलों के लिए गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। सिरमौर और मंडी जिलों में भारी बारिश की भी चेतावनी दी गई है। आगामी दो दिनों में मानसून के प्रदेश के अन्य हिस्सों में विस्तार की संभावना जताई गई है।

आंधी-बारिश के साथ सक्रिय हुआ मौसम

भारत मौसम विज्ञान विभाग के जयपुर केंद्र के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून 18 जून को राजस्थान के बाड़मेर, जोधपुर और जयपुर से होते हुए राज्य में प्रवेश कर चुका है। मानसून इस बार सामान्य से लगभग सात दिन पहले पहुंचा है। अगले दो से तीन दिनों में मानसून राज्य के अन्य हिस्सों तक बढ़ेगा। जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभागों में 18 से 20 जून तक आंधी-बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। 20 जून के बाद पूर्वी राजस्थान में बारिश और तेज होने की संभावना है।

महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट जारी

महाराष्ट्र के मुंबई सहित कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता जारी है। भारतीय मौसम विभाग ने रत्नागिरी, पुणे, सतारा, कोल्हापुर और सिंधुदुर्ग जिलों में अगले 24 घंटे में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में जोरदार बारिश से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

पश्चिम बंगाल में मानसून सक्रिय

पश्चिम बंगाल में भी मानसून ने दस्तक दे दी है। आईएमडी ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। गंगा नदी के आसपास एक निम्न दबाव क्षेत्र बन रहा है, जो पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इस वजह से मछुआरों को 19 जून तक पश्चिम बंगाल, ओडिशा तटों और उत्तरी बंगाल की खाड़ी में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। उत्तरी बंगाल के जिलों में आगामी दिनों में बारिश होने की संभावना है।

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.