केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खेत में चलाया ट्रैक्टर, शिमला मिर्च की खेती की
Udaipur Kiran Hindi June 20, 2025 06:42 AM

विदिशा, 19 जून (Udaipur Kiran) । केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को अपने विदिशा प्रवास के दौरान खेत में उतरकर खुद ट्रैक्टर चलाया और शिमला मिर्च की खेती की शुरुआत की। उन्होंने खेत में मल्चिंग मशीन का उपयोग कर खेती के आधुनिक तरीकों को अपनाने का संदेश दिया।

शिवराज ने इसका वीडियो सोशल मीडिया एक्स पर शेयर किया है। वीडियो में उन्होंने कहा कि बिना खेत में जाए किसानी नहीं हो सकती। आज मैंने अपने खेत पहुंचकर शिमला मिर्च के लिए मशीन से मल्चिंग का काम किया। खेती का आनंद अद्भुत है। जब मेहनत से बोया हुआ बीज पौधा बनकर फलता है, तो लगता है कि जीवन सार्थक हो गया है।

उन्होंने कहा कि अच्छी किसानी के लिए खुद की भागीदारी जरूरी है। खेती में मशीनीकरण से तेजी और उत्पादकता बढ़ती है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका जुड़ाव केवल मंत्रालय तक सीमित नहीं है। वे खुद एक किसान हैं और जब भी समय मिलता है, खेती से जुड़ना पसंद करते हैं। अपने निजी फार्म पर काम कर उन्होंने इस बात को दर्शाया कि नेता होने के बावजूद वे किसान की जड़ों से जुड़े हुए हैं।

इस मौके पर उन्होंने अपने छोटे बेटे कुणाल सिंह चौहान का जन्मदिन भी सादगी से परिवार के साथ अपने फार्म हाउस पर मनाया, जिससे उनका पारिवारिक पक्ष भी सामने आया।

(Udaipur Kiran) तोमर

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.