Weather update:देश के अधिकांश हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून अगले दो दिनों में दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों तक पहुंच सकता है। अनुमान है कि 22 जून तक राजधानी दिल्ली में मानसून की दस्तक हो जाएगी। इससे पहले गुरुवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य भारत के कई जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों जैसे सोनभद्र, चंदौली, मीरजापुर, प्रयागराज, देवरिया और गोरखपुर में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। बीते 24 घंटे में प्रदेश में बिजली गिरने से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान खुले में न निकलने की अपील की है।
झारखंड के अधिकतर हिस्सों में लगातार दूसरे दिन तेज बारिश होती रही। भारी वर्षा को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। बिहार में भी मानसून सक्रिय है। गया जिले में फल्गु नदी की धार में 18 बंजारे फंस गए, जिनमें से दो लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
दक्षिण भारत में भी मानसून का असर दिख रहा है। गुजरात के भावनगर जिले में भारी वर्षा से कई गांव जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ के चलते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। राहत-बचाव कार्य प्रशासन की ओर से जारी है।
IMD की भविष्यवाणी के अनुसार, 20 से 25 जून के बीच उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों जैसे हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश होने की संभावना है।इस दौरान लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मौसम खराब होने के कारण आठ उड़ानों में देरी हुई।