CM भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस को दी खुली चुनौती, बोले - 'ट्विटर पर ज्ञान मत झाड़िए, आइए हो जाए काम का मुकाबला'
aapkarajasthan June 23, 2025 11:42 PM

राजस्थान की राजनीति में इन दिनों लगातार गरमाहट और घमासान जारी है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा भजनलाल सरकार पर लगातार किए जा रहे हमलों का खुद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जोरदार पलटवार किया है। सोमवार को भाजपा मुख्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान उन्होंने कांग्रेस नेताओं की आलोचना का जोरदार जवाब दिया। 

भजनलाल शर्मा का कटाक्ष: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि वे अब सोशल मीडिया एक्सपर्ट बन गए हैं। वे रोजाना ट्वीट कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास करते हैं, जबकि हकीकत यह है कि वे जब भी पोस्ट करते हैं तो पहले उस तारीख का अपने कार्यकाल का अखबार उठाकर देख लें। उन्हें पता चल जाएगा कि उनके शासन में क्या स्थिति थी और आज क्या है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने नारे तो खूब दिए, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं किया। अब जुमलेबाजी से जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। 

मंच पर आएं, काम की तुलना करें: सीएम ने कांग्रेस नेताओं को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो मंच पर आएं और आमने-सामने चर्चा करें। बताएं कि उन्होंने पांच साल में क्या किया और हमने डेढ़ साल में क्या किया। उन्होंने कहा कि आंकड़े सामने रखें, फिर जनता तय करेगी कि किस सरकार ने कितना और किस दिशा में काम किया। भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग कह रहे हैं कि सरकार 'रुकती नहीं', वे खुद होटल पॉलिटिक्स के लिए बदनाम रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जनता के बीच है, जनता के लिए काम कर रही है। बिजली, सड़क और पानी जैसी बुनियादी जरूरतों पर पूरा फोकस है। 

हम प्रवासी राजस्थानियों को जोड़कर 'वंदे गंगा जल अभियान' चला रहे हैं, और हर गांव को बीपीएल मुक्त करने का प्रयास कर रहे हैं। सीएम ने आगे कहा कि कांग्रेस नेताओं को यह समझ लेना चाहिए कि अब जनता के नाम पर भाषण देने का समय नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग घर बैठकर बयान दे रहे हैं, उन्हें जनता के बीच भी जाना चाहिए। राजस्थान के युवाओं, बहनों, किसानों और मजदूरों के लिए काम करना समय की मांग है। उन्होंने दोहराया कि राजस्थान देश का सबसे बड़ा राज्य है, यहां के लोगों की आकांक्षाएं बड़ी हैं और सरकार उसी के अनुरूप योजनाएं और प्रयास कर रही है।

तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा: मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है और हमारी सरकार का लक्ष्य है कि राजस्थान जल्द ही देश की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बने। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का काम खुद बोलता है, उन्होंने सोशल मीडिया पर ही व्यस्त रहने वालों को जमीनी हकीकत देखने की सलाह दी।

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.