उदयपुर में फ्रांस की युवती के साथ दरिंदगी, कैफे के बाहर ले जाकर किया रेप, मामला दर्ज
Rochak Khabare Hindi June 25, 2025 04:42 PM

PC: tv9hindi

राजस्थान के उदयपुर में एक हैरान कर देने वाली घटना हुई, जहां फ्रांस से आई एक पर्यटक महिला के साथ दुष्कर्म किया गया। आरोपी ने दुष्कर्म करने से पहले एक कैफे में उसके साथ पार्टी की। फिर उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया और दुष्कर्म किया।  

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना उदयपुर शहर के बड़गांव थाने की सीमा में हुई। सोमवार देर रात पीड़ित महिला पर्यटक टाइगर हिल स्थित “द ग्रीक फॉर्म कैफे एंड रेस्ट्रो” कैफे में पार्टी करने गई थी। पार्टी के बाद एक युवक उसे जबरन कैफे से बाहर ले गया। फिर अपने घर ले गया और दुष्कर्म किया।

महिला पर्यटक की हालत बिगड़ गई है और उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में आरोपी के खिलाफ बड़गांव थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

थानाधिकारी पूरन सिंह ने बताया कि, 'पीड़िता ने पूरी घटना डीएसपी को बताई है। पुलिस इस मामले में कैफे मालिक से भी पूछताछ कर रही है।' उदयपुर एसपी योगेश गोयल ने बताया कि फ्रांसीसी महिला द्वारा उदयपुर के बड़ागांव थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इस संबंध में कैफे मालिक से पूछताछ की है। आरोपी युवक की तलाश जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।

वहीं, युवती का मेडिकल जांच कराया गया है। वह अभी सदमे में है।  पुलिस उसके करीबियों का पता लगा रही है, ताकि उन्हें घटना की जानकारी दी जा सके। 

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.