PUBG मोबाइल: PUBG गेम बनाने वाली कंपनी Krafton ने भारत में एक नई और बड़ी ईस्पोर्ट्स लीग शुरू करने का ऐलान किया है। यह लीग IPL मॉडल पर आधारित होगी, जिसमें टीमें अलग-अलग फ्रेंचाइज़ी के तौर पर हिस्सा लेंगी। कंपनी इस समय देश के विभिन्न हिस्सों से फ्रेंचाइज़ी मालिकों की तलाश कर रही है। अगर आप एक कॉरपोरेट, सेलिब्रिटी, कंटेंट क्रिएटर या इन्वेस्टर हैं और इसमें हिस्सा लेना चाहते हैं, तो 4 जुलाई 2025 तक अपनी रुचि जाहिर करनी होगी।
Krafton का मानना है कि भारत में गेमिंग इंडस्ट्री तेजी से बढ़ रही है। प्रेस रिलीज़ के अनुसार, देश में अब 450 मिलियन से ज्यादा गेमर्स हैं और पिछले तीन सालों में ईस्पोर्ट्स दर्शकों की संख्या में 400% तक की बढ़ोतरी हुई है। कंपनी को उम्मीद है कि 2025 तक भारत में गेमिंग का रेवेन्यू ₹1,100 करोड़ से भी ऊपर पहुंच जाएगा।
Krafton ने कहा है, “ये सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं है, बल्कि ऐसा ईस्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म है जो आने वाले समय में दुनिया की सबसे बड़ी लीगों को चुनौती दे सकता है।”
कैसे लें हिस्सा?
1. 4 जुलाई 2025 से पहले Krafton को ईमेल करके अपनी रुचि दिखाएं।
2. अपनी बोली में हिस्सा लेने की पुष्टि करें।
3. कंपनी की तरफ से जानकारी, LOI (Letter of Intent) और अन्य ज़रूरी दस्तावेज़ मिलेंगे।
4. आगे की प्रक्रिया में शामिल होकर फ्रेंचाइज़ी बनने का मौका मिलेगा।
Krafton भारत में निवेश बढ़ा रहा है। कंपनी ने बताया कि उसका भारतीय बाजार में कुल निवेश अगले दो साल में $310 मिलियन (लगभग ₹2,600 करोड़) तक पहुंच सकता है। Krafton भारत में गेम डेवलपमेंट भी बढ़ा रहा है, और OnePlus, Hyundai, iQOO जैसी ब्रांड्स के साथ पार्टनरशिप कर चुका है।
BGMI जैसे गेम्स और BGIS, BMPS जैसे टूर्नामेंट्स की सफलता को देखते हुए, Krafton अब इस नई लीग के जरिए भारत को वैश्विक ईस्पोर्ट्स मानचित्र पर एक मजबूत पहचान दिलाना चाहता है।