अहमदाबाद में जगन्नाथ रथयात्रा में भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान एक हाथी बेकाबू हो गया। हालांकि वन विभाग की टीम ने तुरंत उसे काबू में कर लिया। इस दौरान लगभग 10 मिनट तक रथयात्रा को रोकना पड़ा।
पश्चिम बंगाल के दीघा में स्थित जगन्नाथ मंदिर में भी बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। यहां भी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के लिए विशेष तैयारियां की गई है।
श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के प्रमुख प्रशासक अरबिंद पाधी ने कहा कि महाप्रभु (भगवान जगन्नाथ) की कृपा से हम शुक्रवार को रथ यात्रा के सुचारू संचालन के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हमें सेवादारों से पूरा समर्थन और सहयोग मिल रहा है। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर में करीब 10,000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गयी है, जिनमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की आठ टुकड़ियां भी शामिल हैं।
दिग्गजों ने दी शुभकामनाएं : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को रथ यात्रा के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा आस्था और विश्वास का संगम है, जो भक्ति व संस्कृति पर आधारित है। ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भी रथ यात्रा के अवसर पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं।
edited by : Nrapendra Gupta