आपातकाल देश के लिए सबसे बड़ा दंश : गिरिराज
Udaipur Kiran Hindi June 27, 2025 08:42 PM

रांची, 26 जून (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता युवा मोर्चा, महानगर की ओर से पुराना विधानसभा, धुर्वा में कांग्रेस की ओर से लगाए गए आपातकाल के 50 वर्ष पर युथ मॉक पार्लियामेंट का आयोजन गुरुवार को किया गया।

कार्यक्रम में गूगल फॉर्म के माध्यम से कई युवाओं ने आवेदन कर के भाग लिया। इसमें से 81 विधानसभा के प्रतिनिधियों को चयनित कर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवाओं ने संसदीय कार्यों को समझा और उसके अनुरूप विधानसभा को चलाया। सबसे पहले विनय जायसवाल ने गवर्नर की भूमिका निभाते हुए सभी को शपथ दिलाई। इसमें युवाओं ने देश में 50 वर्ष पूर्व लगे आपातकाल के वीभत्स और दूरगामी दुष्प्रभाव पर चर्चा की। कार्यक्रम की शुरूआत राष्ट्रगान और दीप प्रज्जवलित कर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने किया।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, शशांक राज, समरी लाल, रामकुमार पाहन, बृजमोहन राम, विनय जायसवाल, रोमित नारायण सिंह, पंकज सोनी सहित अन्य शामिल हुए।

मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा देश की लोकतंत्र की हत्या, देश के नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन और देश के बहुसंख्यक समाज को दबाने के लिए आपातकाल लगाया गया था। उन्होंने कहा कि देश में हर जगह जमाई टोला बनाने की नियत से आपातकाल लगाया गया। देश में 40 और संशोधन कर संसाधनों पर सत्ता का नियंत्रण किया गया। ताकि, जो विद्रोह पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के विरोध में पूरे देश में है उसको दबाया जा सके। देश के युवाओं को इसकी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वे युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को साधुवाद देते हैं कि उन्होंने ऐसा आयोजन किया है।

मौके पर बाबूलाल मरांडी ने कहा इंदिरा गांधी ने 39 और संशोधन कर अपने पद को बचाने के लिए संविधान से खिलवाड़ किया। इस संशोधन में प्रधानमंत्री के चुनाव को न्यायिक समीक्षा से बाहर किया गया। छह अगस्त को संशोधन लोकसभा में प्रस्तुत किया गया और अगले ही दिन उसको पारित कर दिया गया। कार्यक्रम सात सत्रों में किया गया। हर सत्र में अलग-अलग सभापति ने किया। इसमें प्रथम सत्र गिरिराज सिंह, दूसरे सत्र में सीपी सिंह, तृतीय सत्र में अमित मंडल, चौथे सत्र में भानु प्रताप शाही, पांचवें सत्र में अमर कुमार बाउरी, छठे सत्र में करमवीर सिंह, सातवें सत्र में प्रतिनिधियों में पुरस्कार वितरण किया गया।

कार्यक्रम में प्रथम पुरस्कार वेदांत कुमार सिंह, द्वितीय पुरस्कार धर्मेंद्र शुक्ला, जाहन्वीत सिंह, तृतीय पुरस्कार मनीष कुमार को दिया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रोमित नारायण सिंह ने किया। वहीं इसके पूर्व कार्यक्रम की शुरूआत भाषण शशांक राज के स्वागत संबोधन से हुआ।

—————

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.