कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- भाजपा लोकतंत्र और गणतंत्र में विश्वास नहीं रखती। वे सिर्फ इवेंट मैनेजमेंट करते हैं। वे देश में नफरत फैलाकर और संसाधनों का दुरुपयोग करके सरकार चला रहे हैं। मुझे डर है कि अब उनके मंत्रियों और बड़े लोगों की बारी न आ जाए। वहीं, एसीबी अधिकारी के रिश्वत लेते पकड़े जाने पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- एसीबी ही एसीबी अधिकारियों को पकड़ रही है। इससे हम समझ सकते हैं कि कुएं में भांग मिली है। डोटासरा और टीकाराम जूली जयपुर से जोधपुर जा रहे थे। इस दौरान अजमेर में कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया।
भाजपा इवेंट मैनेजमेंट कर रही है
डोटासरा ने कहा- राजस्थान में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। सरकार नहीं, सर्कस चल रहा है। बजट का कोई मतलब नहीं है। किसान और युवा परेशान हैं। मुख्यमंत्री सिर्फ भाषण देने में व्यस्त हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान वे कह रहे थे कि वे संविधान बदलना चाहते हैं। वे नफरत फैलाना चाहते हैं और देश को धर्म के आधार पर बांटना चाहते हैं। वे अपना संविधान आरएसएस के हिसाब से लिखना चाहते हैं। जिस कानून को निरस्त किया गया, जिसके लिए इंदिरा गांधी ने अपनी गलती स्वीकार की थी, 50 साल बाद भी वही बात दोहरा रहे हैं। इन्होंने अघोषित आपातकाल लगा दिया है। ये लोग चुनाव नहीं करवा रहे हैं। इनका लोकतंत्र में विश्वास नहीं है। राजस्थान में नगर निगम चुनाव नहीं हुए हैं। सरदारशहर में अविश्वास प्रस्ताव आया था। एडीएम नियुक्त हुए और वे अचानक बीमार पड़ गए। जब उन्हें स्टे नहीं मिला तो उन्हें बीमार होने की बात कह दी गई। भरतपुर में डेढ़ साल से चुनाव नहीं करवाए जा रहे हैं। ये सिर्फ इवेंट मैनेजमेंट करते हैं।
भाजपा के मंत्री एसीबी के हत्थे चढ़ सकते हैं
एसीबी अधिकारी सुरेंद्र कुमार शर्मा के रिश्वत लेते पकड़े जाने पर डोटासरा ने कहा- मुझे डर है कि इनके (भाजपा के) मंत्री और बड़े लोगों की बारी न आ जाए। ये दोनों हाथों से लोगों को लूट रहे हैं। अफसरशाही इतनी हावी है कि इन्हें किसी की परवाह नहीं है। मंत्री किरोड़ीलाल खुद छापेमारी में लगे हैं। अफसरशाही और अधिकारी छापेमारी करेंगे। मंत्री निगरानी करेंगे और बाद में कार्रवाई होनी चाहिए। एमपी की खाद जो नकली पाई गई, उसे सहकारी समितियों के माध्यम से करोड़ों रुपए देकर और सरकारी सहायता से बैंकों से लोन दिलवाकर उपलब्ध करवाया गया। कहीं न कहीं तो किसानों तक पहुंचा ही होगा। अगर किसान उस जहर को बोएगा तो उसे क्या मिलेगा? इसकी जिम्मेदारी तय करने वाला कोई नहीं है। उनके प्रदेश अध्यक्ष कह रहे हैं कि किरोड़ीलाल जो कर रहे हैं, वह उनकी पार्टी का काम नहीं है। डोटासरा ने कहा- यह दिशाहीन सरकार है, जो कुछ नहीं कर पा रही है।
परिसीमन के नाम पर चुनाव रोके गए
बर्खास्त विधायक कंवरलाल मीना के सवाल पर डोटासरा ने कहा- ये ऐसे लोग हैं जो संविधान को नहीं मानते। नगर निगम चुनाव हुए 2 साल हो गए हैं। चुनाव भी नहीं हो रहे हैं। परिसीमन के नाम पर चुनाव रोके हुए हैं। बताया गया है कि राजेंद्र राठौड़ ने अपनी समय सीमा खत्म होने के बावजूद अधिकारियों को बुलाकर कहा कि जो कह रहे हैं, वही करो। अधिकारियों ने कहा कि अगर हम हाईकोर्ट की बात नहीं मानेंगे तो हाईकोर्ट हमारे खिलाफ अवमानना का केस दर्ज कराएगा। फिर कहा गया कि डेढ़ साल तक चुनाव नहीं होंगे। राजेंद्र राठौड़ की सोच है कि 12 महीने और डेढ़ साल तक चुनाव नहीं होंगे। वे यह सुनिश्चित करने में लगे हैं कि भविष्य में कभी चुनाव ही न हों।
वे संकीर्णता की बात कर रहे हैं
जोधपुर में स्कूल के उद्घाटन को लेकर हुए विवाद पर डोटासरा ने कहा- पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि जब मुझे पता चला तो मैंने खुद मना कर दिया। दूसरी बात मैं यह कहना चाहता हूं कि अगर तीन बार के मुख्यमंत्री को स्कूल के उद्घाटन के लिए बुलाया जाता। क्या वे जाते तो कोई दिक्कत होती? क्या स्काई लैब गिर जाती? क्या सरकार गिर जाती? क्या स्कूल अछूत हो जाते? सरकार के लोग संकीर्णता की बात कर रहे हैं।
कुएं में भांग मिली है
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- सरकार दोनों हाथों से राजस्थान की संस्कृति को लूटने में लगी हुई है। अपने लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए नियमों के खिलाफ टेंडर भी किए जा रहे हैं। एसीबी खुद एसीबी के अधिकारियों को पकड़ रही है। इससे हम समझ सकते हैं कि कुएं में भांग मिली है। ऐसे बहुत से लोग हैं जिनके खिलाफ मामले दर्ज हैं लेकिन सरकार उन्हें अभियोजन स्वीकृति नहीं देती। वह सिर्फ अपने चहेते लोगों को बचाने का काम कर रही है। एक तरह से प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। कंवरलाल मीना मामले में भी सरकार उसे बचाना चाहती है। पद का दुरुपयोग किया जा रहा है। कैबिनेट ने उसकी सजा कम करने के लिए राज्यपाल को सिफारिश भेजी। इस तरह जेल में बंद सभी गुंडों और बदमाशों की सजा कम करो। संविधान को कमजोर करने और बदलने का काम किया जा रहा है। राजस्थान और देश की जनता यह देख रही है। मैं तो कहूंगा कि आप हमेशा सत्ता में नहीं रहेंगे। जनता ने आपको 5 साल के लिए चुना है।