गुरुग्राम: रुचिका सिंह ने अमेरिका में पुलिस खेलों में जीता कांस्य पदक
Udaipur Kiran Hindi July 09, 2025 12:42 AM

गुरुग्राम, 8 जुलाई (Udaipur Kiran) । गुरुग्राम की रहने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस की अधिकारी रुचिका सिंह ने विश्व पुलिस और अग्निशमन खेल-2025 में भारत का मस्तक ऊंचा किया है। अमेरिका में हो रहे इन खेलों में रुचिका सिंह ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने 400 मीटर दौड़ में यह पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया।

गुरुग्राम निवासी रुचिका सिंह को वर्ष 2020 में यूपी पुलिस द्वारा चुना गया था। अपने अथक समर्पण और एथलेटिक कौशल के लिए जानी जाने वाली रुचिका ने लगातार देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने पहले राष्ट्रीय और अंतर-राज्य पुलिस एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कई पदक जीते हैं। उनका लगातार बेहतर प्रदर्शन और उत्कृष्टता खिलाड़ियों के लिए एक तरह से आदर्श बन गए हैं। विशेषकर उन महिलाओं के लिए, जो वर्दी पहनकर देश-प्रदेश की सेवा कर रही हैं। एम-एम फाउंडेशन की चेयरपर्सन और ट्रस्टी डॉ. पैयल कनोदिया ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि रुचिका की यह उपलब्धि सबको गौरवान्वित कर रही है।

(Udaipur Kiran)

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.